सारंगढ़। शहर के कुटेला वार्ड क्रमांक-1 में शुक्रवार देर रात एक अधेड़ की बेरहमी से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावर ने पत्थर और डंडे से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान लुकेश्वर केशरवानी (50 वर्ष) निवासी कुटेला वार्ड क्रमांक-1, सारंगढ़ के रूप में हुई है। शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे मोहल्ले के लोगों ने वार्ड पार्षद कमलकांत निराला को सूचना दी कि श्यामलाल निराला के घर के पास मुख्य सड़क किनारे एक व्यक्ति खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर वार्ड पार्षद एवं स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, जहां सड़क किनारे गड्ढे में लुकेश्वर केशरवानी का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून फैला हुआ था। वहीं शव के पास खून से सना पत्थर और सड़क किनारे खून लगा डंडा भी बरामद हुआ।
प्रत्यक्ष स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात हमलावर ने पहले डंडे से हमला किया और बाद में पत्थर से सिर पर कई बार वार कर हत्या को अंजाम दिया। सिर पर गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रमोद यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
