RAIGARH NEWS चलती ट्रेन में यात्री का बैग पार, लैपटॉप समेत 45 हजार का सामान चोरी

by Kakajee News

रायगढ़। लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। बलसाड़–पुरी एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का बैग अज्ञात चोर पार कर ले गया। बैग में लैपटॉप, बैंक कार्ड, महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य सामान रखा हुआ था। मामले में जीआरपी रायगढ़ ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ओडिशा के नयागढ़ जिले के सिंदुरिया (बक्सी कॉलोनी) निवासी शेख इमामद्दीन (34 वर्ष) 7 जून को ट्रेन क्रमांक 22910 बलसाड़–पुरी एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 की सीट क्रमांक 18 पर भुवनेश्वर से बिलासपुर की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उन्होंने अपना फिरोजी, नीले और ग्रे रंग का बैग सीट के नीचे रख दिया और सो गए। यात्री के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे जब उनकी नींद खुली तब बैग अपनी जगह पर नहीं था। उस समय ट्रेन रायगढ़ स्टेशन को पार कर चुकी थी। काफी तलाश के बाद भी बैग का कोई पता नहीं चला, जिसके बाद उन्होंने रेलवे पुलिस से शिकायत की।
पीड़ित ने बताया कि चोरी हुए बैग में एक लैपटॉप, पर्स, सेफ्टी शू, कपड़े, मोबाइल चार्जर, खाने-पीने का सामान तथा बैंकिंग और पहचान संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे थे। पर्स में एचडीएफसी और आईसीआईसीआई बैंक के दो क्रेडिट कार्ड, दो डेबिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी मौजूद थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 45 हजार रुपये आंकी गई है।
मामले की प्रारंभिक शिकायत जीआरपी बिलासपुर में दर्ज की गई थी। घटना स्थल रायगढ़ क्षेत्र में आने के कारण शून्य पर दर्ज प्रकरण को जीआरपी रायगढ़ भेजा गया, जहां अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305(सी) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिला का मंगलसूत्र पार
इसी तरह की एक अन्य घटना में चांदनी चौक धोबीपारा निवासी बृहस्पति बाई बरेठ (48 वर्ष) कल अपनी पुत्री के साथ रिश्तेदारी में अकलतरा जाने के लिए रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। दोनों प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। ट्रेन आने पर वे शाम करीब साढ़े तीन बजे बीआर लोकल ट्रेन के जनरल कोच में सवार हुईं। महिला ने पुलिस को बताया कि जनरल डिब्बे में काफी भीड़ थी। सफर के दौरान जब उन्होंने अपने गले में पहने मंगलसूत्र को टटोलकर देखा तो वह गायब था। आशंका है कि भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर ने उनके गले से मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, चोरी हुआ मंगलसूत्र पांच फल वाला था, जिसका वजन करीब 4 ग्राम और अनुमानित कीमत लगभग 30 हजार रुपये है। यह मंगलसूत्र 15 से 20 वर्ष पुराना था, इसलिए उसका खरीद संबंधी बिल भी उनके पास उपलब्ध नहीं है। घटना की सूचना मिलने पर जीआरपी रायगढ़ ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है। पुलिस स्टेशन और ट्रेन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

Related Posts

Leave a Comment