एकतरफा प्रेम में सनकी युवक पर स्कूटी जलाने का आरोप, युवती के परिवार को दी थी बर्बाद करने की धमकी

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। शहर में एकतरफा प्रेम और शादी के दबाव का मामला अब आगजनी तक पहुंच गया है। एक युवती के परिजनों ने आरोप लगाया है कि शादी से इनकार करने से नाराज युवक ने उनके घर के बाहर खड़ी एक्टिवा स्कूटी पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना में करीब 50 हजार रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। यह पूरा मामला जूटमिल थाना क्षेत्र का है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनुमुड़ा नवापारा निवासी महिला ने पुलिस अधीक्षक और जुटमिल थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए बताया है कि उसकी बेटी कॉलेज की छात्रा है। आरोप है कि कौहाकुंडा पहाड़ मंदिर के पास रहने वाला आकाश साह लंबे समय से युवती पर बातचीत और शादी के लिए दबाव बना रहा था। युवती द्वारा पढ़ाई का हवाला देते हुए प्रस्ताव ठुकराने पर आरोपी कथित तौर पर उसे और उसके परिवार को बर्बाद करने की धमकी देता था। परिजनों के मुताबिक, लगातार परेशानियों के चलते युवती को पढ़ाई के लिए बाहर भेज दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी आरोपी फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करता रहा। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने पहले भी परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी थी।
घटना 9 जून की तड़के करीब 2:45 बजे की बताई जा रही है। मकान मालिक के बेटे ने कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनकर बाहर देखा तो घर के सामने खड़ी एक्टिवा (CG-13 BC-2062) धू-धू कर जल रही थी। आरोप है कि उसी दौरान उसने आकाश साह को मौके पर देखा, जो शोर मचाने पर पेट्रोल की बोतल फेंककर अपने साथी के साथ वाहन से फरार हो गया। परिजनों ने किसी तरह आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक स्कूटी को भारी नुकसान हो चुका था।

“मैंने स्कूटी जला दी, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता”
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के कुछ घंटे बाद आरोपी ने युवती को फोन कर कथित तौर पर कहा कि उसने ही स्कूटी में आग लगाई है और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। साथ ही परिवार को फिर से धमकी भी दी गई।

पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ आगजनी, धमकी और मानसिक प्रताड़ना सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय और जुटमिल थाना में की गई है। फिलहाल पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें