रायगढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, 8 अलग-अलग मामलों में 10 आरोपी गिरफ्तार, 164 लीटर महुआ शराब एवं 67 पाव देशी शराब जब्त, दो बाइक भी की गई जप्त

Picture of kakajee

kakajee

 

रायगढ़ । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन पर जिले में चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत पिछले दो दिनों में अवैध शराब के विरुद्ध विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार कार्रवाई की गई। इस दौरान 08 प्रकरणों में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर 164 लीटर महुआ शराब एवं 67 पाव देशी शराब जब्त की गई है। इनमें सबसे बड़ी कार्रवाई आज थाना पूंजीपथरा पुलिस द्वारा की गई, जहां दो अलग-अलग मामलों में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर 100 लीटर महुआ शराब तथा दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

पूंजीपथरा पुलिस की पहली कार्रवाई : 30 लीटर महुआ शराब जब्त
आज थाना प्रभारी पूंजीपथरा निरीक्षक रामकिंकर यादव के नेतृत्व में उप निरीक्षक दिलीप कुमार बेहरा एवं हमराह स्टाफ द्वारा मुखबिर सूचना पर ग्राम पूंजीपथरा स्थित स्केनिया प्लांट के पीछे पूंजीपथरा मार्ग पर घेराबंदी की गई। कार्रवाई के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 JA 4863 में अवैध शराब परिवहन करते हुए आरोपी (1) अमीलाल राठिया पिता रामनाथ राठिया, उम्र 50 वर्ष, निवासी छर्राटांगर एवं (2) सुखसागर निषाद पिता देवानंद निषाद, उम्र 26 वर्ष, निवासी छर्राटांगर, थाना पूंजीपथरा को पकड़ा गया। आरोपियों के कब्जे से एक-एक लीटर की प्लास्टिक पन्नी पाउच में भरी 30 लीटर हाथ भट्टी निर्मित महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,000 है, बरामद की गई।

पूंजीपथरा पुलिस की दूसरी कार्रवाई : 70 लीटर महुआ शराब बरामद
इसी दौरान स्केनिया प्लांट के पीछे पूंजीपथरा मार्ग पर ही बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल में अवैध शराब परिवहन करते हुए आरोपी (1) माधव सिंह सेठ पिता लक्ष्मण सिंह, उम्र 44 वर्ष, निवासी सराईपाली एवं (2) विदेशी यादव पिता शौंकीलाल यादव, उम्र 27 वर्ष, निवासी भैसंगढ़ी बड़गांव, थाना पूंजीपथरा को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से 70 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
दोनों मामलों में पुलिस द्वारा कुल 100 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत लगभग ₹10,000 तथा परिवहन में प्रयुक्त पल्सर एवं हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, कुल कीमत लगभग ₹1,30,000, जब्त की गई। आरोपियों के विरुद्ध थाना पूंजीपथरा में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

अन्य थाना क्षेत्रों की कार्रवाई
ऑपरेशन आघात के तहत जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी अवैध शराब के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। थाना तमनार पुलिस द्वारा 15 लीटर महुआ शराब के साथ एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना कोतरारोड़ पुलिस द्वारा तीन अलग-अलग कार्रवाई में 20 पाव देशी शराब एवं 42 लीटर महुआ शराब जब्त की गई। इसी प्रकार थाना छाल पुलिस ने एक आरोपी से 07 लीटर महुआ शराब बरामद की, जबकि थाना खरसिया पुलिस ने 47 पाव देशी शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
रायगढ़ पुलिस द्वारा ऑपरेशन आघात के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें