चलती ट्रेन में उड़ गया सपनों का सहारा: SECL परीक्षा की तैयारी कर रहे युवक का लैपटॉप, दस्तावेज और एक साल की मेहनत चोरी

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जीआरपी थाना रायगढ़ में एक यात्री ने चलती ट्रेन में लैपटॉप बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित बालकृष्ण द्विवेदी ने बताया कि वह 19 जून को ट्रेन संख्या 22909 से शहडोल से तालचेर रोड की यात्रा कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, शहडोल से बिलासपुर तक वह जनरल कोच में सफर कर रहा था, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण बिलासपुर से स्लीपर कोच S4 में पहुंचा। वहां उसने अपना पीले और नीले रंग का बैग साइड अपर बर्थ नंबर 16 पर रखा और खुद साइड लोअर बर्थ नंबर 15 पर बैठकर पढ़ाई करने लगा।
पीड़ित ने बताया कि रायगढ़ स्टेशन पहुंचने से 10-15 मिनट पहले तक उसका बैग सुरक्षित था। ट्रेन रात करीब 1:07 बजे रायगढ़ स्टेशन पहुंची और 1:16 बजे रवाना हुई। इसके बाद पढ़ाई में व्यस्त रहने के दौरान जब उसने करीब 15-20 मिनट बाद अपने बैग की ओर देखा, तो वह गायब था। कोच में काफी खोजबीन के बावजूद बैग का कोई पता नहीं चला।
पीड़ित को आशंका है कि किसी अज्ञात चोर ने मौका पाकर बैग पार कर दिया। वहीं कोच में मौजूद एक महिला यात्री ने बताया कि घटना के दौरान एक मोटे शरीर का व्यक्ति टी-शर्ट पहने उसी स्थान के आसपास बैठा हुआ था, जिस पर संदेह जताया जा रहा है।
चोरी हुए बैग में करीब 65 हजार रुपये कीमत का लैपटॉप, महत्वपूर्ण मूल दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की सामग्री और Mining Survey विषय के लगभग एक साल की मेहनत से तैयार हस्तलिखित नोट्स रखे हुए थे।
पीड़ित ने बताया कि वह आगामी SECL भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा है और 2 जुलाई को परीक्षा प्रस्तावित है। ऐसे में नोट्स और अध्ययन सामग्री चोरी हो जाने से उसे न केवल आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि उसकी शैक्षणिक और भविष्य की तैयारी को भी गहरा झटका लगा है।
घटना की जानकारी तत्काल रेल मदद पोर्टल पर भी दर्ज कराई गई है। जीआरपी रायगढ़ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आवेदन प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब स्टेशन प्लेटफॉर्म और ट्रेन कोच के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध की पहचान में जुटी है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें