घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपती की मौत, खून के निशान मिलने पर हत्या की आशंका

by Kakajee News

धरमजयगढ़। रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत क्रोन्धा गांव में देर रात हुई एक रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गांव के एक घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत हो गई। हालांकि घटनास्थल पर खून के छींटे मिलने के बाद मामला संदिग्ध हो गया है और ग्रामीण हत्या की आशंका जता रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में आने से पति-पत्नी दोनों गंभीर रूप से झुलस गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान मंगलू राम के रूप में होने की चर्चा है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीओपी धरमजयगढ़ समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास खून के छींटे मिलने से मामला और भी उलझ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर हत्या के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से घर में आग लगाए जाने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं ग्रामीणों और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल आग लगने और मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा था या फिर किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

Related Posts

Leave a Comment