कलमी के फाटकपारा में अज्ञात वाहन की टक्कर से ग्रामीण की मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला

by Kakajee News

 

रायगढ़। कोतरा रोड थाना क्षेत्र के ग्राम कलमी स्थित फाटकपारा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ग्रामीण की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग जांच के बाद अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक डमरूधर कंवर (55 वर्ष) पिता स्व. दिलचंद कंवर, निवासी ग्राम कलमी, थाना कोतरा रोड, 13 जुलाई की शाम लगभग 7 बजे घर से घूमने के लिए निकले थे। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। अगले दिन 14 जुलाई की सुबह करीब 6 बजे परिजनों को सूचना मिली कि फाटकपारा कलमी के पास किसी अज्ञात वाहन ने डमरूधर कंवर को टक्कर मार दी है, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में मृतक के सिर तथा कमर के नीचे गंभीर चोटें आई थीं।
मृतक के बड़े भाई प्रेम शंकर कंवर (60 वर्ष) ने थाना कोतरा रोड पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना के आधार पर पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दुर्घटना को अंजाम दिया।
मर्ग जांच में प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध धारा 106(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं धारा 184 मोटरयान अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।

Related Posts

Leave a Comment