Kakajee News

रायगढ़ पुलिस की सबसे भरोसेमंद जासूस: रूबी के आगे नहीं टिकते अपराधी, दिलाई कई बड़ी सफलताएं

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। अपराध की दुनिया में जहां शातिर आरोपी पुलिस को चकमा देने के लिए नए-नए तरीके अपनाते हैं, वहीं रायगढ़ पुलिस के पास एक ऐसी खास सदस्य है, जिसकी सूंघने की क्षमता के आगे बड़े-बड़े अपराधी भी ज्यादा देर तक बच नहीं पाते। यह सदस्य कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि पुलिस डॉग स्क्वॉड की प्रशिक्षित स्निफर डॉग ‘रूबी’ है, जिसने अपनी सूझबूझ और असाधारण क्षमता के दम पर कई चोरी और अंधे कत्ल के मामलों की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई है।
रायगढ़ जिले में जब भी कोई सनसनीखेज वारदात होती है और पुलिस के सामने सुरागों का संकट खड़ा हो जाता है, तब रूबी की एंट्री होती है। घटनास्थल पर पहुंचते ही वह अपनी तेज सूंघने की क्षमता से ऐसे सुराग तलाश निकालती है, जो अक्सर इंसानी नजरों से छूट जाते हैं। यही वजह है कि रूबी जिले की पुलिस टीम के लिए सबसे भरोसेमंद साथी बन चुकी है। पिछले कुछ वर्षों में रूबी ने चोरी और हत्या जैसे कई गंभीर मामलों में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध कराए हैं। कई ऐसे मामले, जिनमें शुरुआती जांच में कोई ठोस जानकारी नहीं मिल रही थी, उनमें रूबी ने आरोपियों तक पहुंचने का रास्ता दिखाया। खासकर अंधे कत्ल के मामलों में उसकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है, जहां घटनास्थल से मिले गंध के आधार पर उसने जांच को नई दिशा दी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रूबी को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। वह घटनास्थल पर मौजूद गंध को पहचानकर संदिग्धों के संभावित रास्ते और गतिविधियों का पता लगाने में सक्षम है। उसकी इसी क्षमता के कारण कई आरोपी कानून के शिकंजे तक पहुंच चुके हैं।
रायगढ़ पुलिस परिवार में रूबी सिर्फ एक डॉग नहीं, बल्कि एक कुशल जांचकर्ता के रूप में पहचान बना चुकी है। उसकी उपलब्धियों ने यह साबित किया है कि आधुनिक पुलिसिंग में प्रशिक्षित स्निफर डॉग्स की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। अभी वर्तमान में सप्ताह भर के भीतर रूबी ने लैलूंगा में युवक की हत्या के आरोपी समेत धरमजयगढ़ के ग्राम क्रोंधा में हुए बुजुर्ग दंपत्ति की अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुकी है।
आज रूबी की गिनती जिले के सबसे सफल पुलिस डॉग्स में की जाती है। कई मामलों में उसकी मदद से मिली सफलता ने न सिर्फ पुलिस का मनोबल बढ़ाया है, बल्कि आम लोगों का भरोसा भी मजबूत किया है। अपराधियों के लिए रूबी का नाम किसी चेतावनी से कम नहीं, जबकि पुलिस के लिए वह एक ऐसी साथी है, जो बिना कुछ बोले सच की राह तक पहुंचा देती है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें