रायपुर। प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई है। विभाग के अनुसार बालोद, बलौदाबाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, धमतरी, दुर्ग, गरियाबंद, जांजगीर-चांपा, कोरबा, महासमुंद, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव तथा सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिलों के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि तथा यातायात प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन को भी आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं।
विशेषज्ञों के अनुसार तेज बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए तथा बिजली गिरने और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहना चाहिए। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के निवासियों को भी मौसम की ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
