लैलूंगा। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत छापरपानी गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गांव के एक बोर घर में 40 वर्षीय बरत कुमारी नाग और उनकी 10 माह की मासूम बच्ची कुमारी परी नाग का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना प्रहलाद बेहरा के खेत में स्थित बोर घर की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों को जब बोर घर में महिला और बच्ची के शव होने की जानकारी मिली, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही लैलूंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मां और मासूम बच्ची की एक साथ हुई मौत ने गांव में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है। घटना के कारणों को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, लेकिन फिलहाल पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
