चलती आजाद हिंद एक्सप्रेस से कथित मोबाइल चोर को लात मारकर गिराने का वीडियो वायरल, यात्री गिरफ्तार

by Kakajee News

रायपुर। उरकुरा-मांडर रेलवे सेक्शन में चलती आजाद हिंद एक्सप्रेस से एक कथित मोबाइल चोर को लात मारकर नीचे गिराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद रेलवे पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लात मारने वाले यात्री को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब आजाद हिंद एक्सप्रेस तेज रफ्तार से उरकुरा और मांडर के बीच दौड़ रही थी। बताया जा रहा है कि ट्रेन के दरवाजे के पास एक युवक मोबाइल चोरी करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान ट्रेन में सवार एक यात्री ने उसे लात मार दी, जिससे वह चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। पूरी घटना ट्रेन की खिड़की वाली सीट पर बैठे एक अन्य यात्री ने अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर ली।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही जीआरपीएफ और रेलवे पुलिस हरकत में आ गई। जांच के बाद पुलिस ने लात मारने वाले आरोपी यात्री आर. सुरेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) और 117(3) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
वहीं, चलती ट्रेन से गिरने के कारण घायल हुए कथित चोर की तलाश भी पुलिस द्वारा की जा रही है। रेलवे पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और वायरल वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में देखा जा रहा है।
इस सनसनीखेज घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। वीडियो में पूरी वारदात स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Related Posts

Leave a Comment