विश्वकर्मा योजना का लाभ दिलाने के नाम पर 3.75 लाख रुपये की ठगी, 150 ग्रामीणों को बनाया शिकार

by Kakajee News

सारंगढ़। विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लाभ दिलाने का झांसा देकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने का मामला सामने आया है। शिकायत एवं पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी ने योजना का लाभ दिलाने और कम समय में अधिक राशि वापस मिलने का लालच देकर लगभग 150 लोगों से रकम जमा कराई तथा बाद में संपर्क से बाहर हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पिण्डरी निवासी गजानंद निराला (38 वर्ष) ने थाना प्रभारी सिटी कोतवाली सारंगढ़ के समक्ष लिखित शिकायत प्रस्तुत कर बताया कि शुभम भारद्वाज पिता भूषण भारद्वाज, निवासी ग्राम छोटे कोट, पोस्ट सिंघरा, थाना मालखरौदा, जिला सक्ती ने विश्वकर्मा योजना के तहत लाभ दिलाने का दावा करते हुए ग्रामीणों से प्रति व्यक्ति 2500 रुपये जमा कराए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी ने लोगों को भरोसा दिलाया था कि 2500 रुपये जमा करने पर एक माह के भीतर 24 हजार रुपये प्राप्त होंगे। इस लालच में आकर ग्राम पिण्डरी सहित आसपास के कई ग्रामीणों ने फोन-पे के माध्यम से राशि जमा की। आरोप है कि इस तरह करीब 150 लोगों से कुल 3 लाख 75 हजार रुपये एकत्र किए गए।
मामले की जांच के दौरान प्रार्थी गजानंद निराला सहित मनोज कुमार जांगड़े, मुलचंद लहरे, जक्शन कुर्रे, प्रतिभा कुर्रे, छाया कुर्रे, धानबाई रात्रे, बुधवारा बाई, सतरूपा प्रजापति, अमृत सिदार एवं अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज किए गए। जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी द्वारा लोगों को निवेश के बदले अधिक लाभ का प्रलोभन देकर रकम ली गई थी।
ग्रामीणों ने बताया कि राशि जमा करने के बाद जब उन्होंने आरोपी से संपर्क करने का प्रयास किया तो उसका मोबाइल फोन बंद अथवा अनुत्तरित मिलने लगा। इससे ग्रामीणों को ठगी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर शिकायत के आधार पर वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। मामले में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धोखाधड़ी संबंधी धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Posts

Leave a Comment