बिलासपुर/कटनी। रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस में सफर कर रही एक महिला के गले से अज्ञात बदमाश द्वारा सोने का मंगलसूत्र झपटकर फरार होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला ने रेल मदद 139 पर शिकायत दर्ज कराई, वहीं यात्रा पूरी करने के बाद जीआरपी बिलासपुर में लिखित रिपोर्ट प्रस्तुत की। मामले में शून्य पर अपराध दर्ज कर जांच के लिए केस डायरी जीआरपी थाना कटनी (मध्यप्रदेश) भेज दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्रीमती संतोष वर्मा (50 वर्ष), पति सुनील कुमार वर्मा, निवासी पी.टी.एस. व्यंकट बटालियन, संतोषी भवन के पास, थाना समान, जिला रीवा (मध्यप्रदेश), 17 जुलाई 2026 को अपने परिवार के साथ ट्रेन क्रमांक 18248 रीवा-बिलासपुर एक्सप्रेस से बिलासपुर की यात्रा कर रही थीं। उनका आरक्षण कोच एस-4 में था।
बताया गया है कि 18 जुलाई की तड़के करीब 2:10 बजे ट्रेन के कटनी रेलवे स्टेशन से रवाना होने के दौरान एक अज्ञात चोर ने महिला के गले में पहना हुआ सोने का मंगलसूत्र झटके से खींच लिया और मौके से फरार हो गया। अचानक हुई इस घटना से महिला और उनके परिजन स्तब्ध रह गए।
पीड़िता के अनुसार चोरी हुआ मंगलसूत्र लगभग 2 तोला 20 ग्राम सोने का था, जिसे करीब 15 वर्ष पहले खरीदा गया था। वर्तमान में उसकी अनुमानित कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के तुरंत बाद महिला ने रेलवे की हेल्पलाइन सेवा ‘रेल मदद 139’ पर इसकी सूचना दी। बिलासपुर पहुंचने के बाद उन्होंने जीआरपी थाना बिलासपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की।
जांच के दौरान यह पाया गया कि घटना का स्थान कटनी क्षेत्राधिकार में आता है। इसके चलते जीआरपी बिलासपुर ने शून्य पर अपराध दर्ज कर प्रकरण की केस डायरी आगे की जांच एवं कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना कटनी, मध्यप्रदेश को स्थानांतरित कर दी है।
रेलवे पुलिस अब ट्रेन में मौजूद यात्रियों, उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात आरोपी की तलाश में जुट गई है। घटना ने एक बार फिर लंबी दूरी की ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
