रायगढ़ में वृद्ध महिला से लूट की कोशिश, सोने का पदक लेकर फरार हुआ अज्ञात आरोपी

by Kakajee News

 

रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कंवरिहा में एक वृद्ध महिला के साथ धक्का-मुक्की कर अज्ञात व्यक्ति द्वारा सोने का पदक चोरी कर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद महिला की तबीयत बिगड़ गई, जिन्हें उपचार के लिए रायगढ़ के अपेक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कंवरिहा निवासी लगभग 80 वर्षीय हंस कुमारी पटेल, पति स्वर्गीय दानीराम पटेल, अपने घर में अकेली रहती हैं। 20 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे वह बाथरूम से वापस अपने कमरे की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान घर के पीछे खांसने की आवाज सुनाई देने पर उन्होंने टॉर्च की रोशनी से देखने का प्रयास किया।
बताया जा रहा है कि घर के पीछे स्थित कमरे के पास, जहां लकड़ी और खाद रखा हुआ था, एक अज्ञात व्यक्ति चोरी की नीयत से छिपा हुआ था। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने पीछे से आकर वृद्ध महिला की गर्दन पकड़कर खींच लिया, जिससे वह जमीन पर गिर गईं। गिरने के दौरान उनके गले में पहना हुआ सोने का हार टूट गया और उसका पदक जमीन पर गिर पड़ा।
महिला के अनुसार अज्ञात आरोपी ने जमीन पर पड़े सोने के पदक को उठाया और मौके से फरार हो गया। आरोपी का हुलिया सांवला-काला बताया गया है। घटना के दौरान महिला अचेत अवस्था में सहायता के लिए चिल्लाती रहीं। उनकी आवाज सुनकर भतीजे विजय पटेल के परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें बेहोशी की हालत में पाया।
परिजनों और ग्रामीणों की मदद से हंस कुमारी पटेल को तत्काल उपचार के लिए अपेक्स अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलने पर उनके दामाद एवं अधिवक्ता ने अस्पताल पहुंचकर पूरी जानकारी ली।
पीड़ित पक्ष के अनुसार चोरी हुए सोने के पदक का वजन लगभग 14 माशा तथा अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है। मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच में जुट गई है।

Related Posts

Leave a Comment