सारंगढ़-बिलाईगढ़ : छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा सामने आया। बरमकेला ब्लॉक के घोघरा नाला (माधोपाली, सारंगढ़-बरमकेला मार्ग) में तेज बहाव के दौरान एक कार उफनते नाले में बह गई। कार में सवार पति-पत्नी लापता बताए जा रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति ने नाले में छलांग लगाकर अपनी जान बचा ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब कार चालक पानी से लबालब भरे नाले के ऊपर से वाहन निकालने का प्रयास कर रहा था। तेज बहाव के कारण कार अनियंत्रित होकर नाले में बह गई। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल बचाव का प्रयास किया, लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि कार देखते ही देखते नाले में समा गई।
कार में सवार दंपति की पहचान देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल के रूप में हुई है। दोनों की तलाश के लिए बरमकेला पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। हालांकि, अंधेरा होने और नाले में तेज बहाव के कारण रेस्क्यू अभियान में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। स्थानीय ग्रामीण भी पुलिस और बचाव दल के साथ मिलकर लापता दंपति की तलाश में जुटे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान उफनते नालों और पुलों को पार करने का जोखिम न उठाएं।
फिलहाल रेस्क्यू अभियान जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
117
