रायगढ़ । पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लिंजीर डीपापारा स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना का पता अगले दिन सुबह चलने पर गांव में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने बताया कि 27 जुलाई को कार्यालय समय समाप्त होने के बाद केंद्र को बंद कर सभी कर्मचारी एवं बच्चे अपने-अपने घर चले गए थे। 28 जुलाई की सुबह लगभग 7 बजे ग्रामीण राजेश श्रीवास ने फोन कर सूचना दी कि आंगनबाड़ी केंद्र का चैनल गेट का ताला टूटा हुआ है तथा सामान बिखरा पड़ा है।
सूचना मिलने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, अन्य कार्यकर्ता, ग्राम पंचायत के पंच सफेद बाई साव, चमेली खड़िया, अम्बिका प्रधान तथा सरपंच श्रुति सारथी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि केंद्र के मुख्य चैनल गेट का ताला टूटा हुआ था और कुछ सामान बाहर पड़ा हुआ था। अज्ञात चोर केंद्र में रखे विभिन्न सामान चोरी कर ले गए।
चोरी हुए सामानों में गैस चूल्हा एवं सिलेंडर, 20 थालियां, 20 गिलास, 10 चम्मच, एक कढ़ाई, एक कुकर, स्टार्टर एवं एमसीबी सेट, एक दरी, एक कुर्सी, एक बाल्टी, छह डिब्बे, राशन सामग्री, चावल, दाल, सब्जी, तेल तथा रेडी-टू-ईट स्टॉक पंजी एवं चौपाल पंजी शामिल हैं। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 13 हजार रुपये बताई गई है।
घटना के संबंध में पंच, सरपंच एवं ग्रामीणों की उपस्थिति में पंचनामा तैयार किया गया है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा 29 जुलाई को थाना पुसौर में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई है।
पुसौर पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है तथा अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है।
