बिलासपुर। हावड़ा–पुणे मार्ग पर चलने वाली ट्रेन संख्या 22846 हाटिया–पुणे एक्सप्रेस में सफर कर रहे एक यात्री का महंगा मोबाइल फोन चोरी हो गया। घटना की शिकायत नागपुर जीआरपी थाने में दर्ज कराई गई, जिसके बाद घटनास्थल बिलासपुर रेल क्षेत्र होने के कारण शून्य क्रमांक अपराध की केस डायरी जीआरपी बिलासपुर को भेजी गई है।
जीआरपी थाना बिलासपुर के अनुसार, झारखंड के हजारीबाग जिले के निवासी 26 वर्षीय जुबेर अंसारी हाटिया से नागपुर की ओर यात्रा कर रहे थे। यात्री ने बताया कि उन्होंने अपना रियलमी 14 प्रो मॉडल का काले रंग का मोबाइल फोन, जिस पर सफेद कवर लगा हुआ था, जेब में रखकर जनरल कोच की ऊपरी बर्थ पर सो गए थे।
28 जुलाई की सुबह लगभग 6 बजे नींद खुलने पर उनका मोबाइल फोन गायब मिला। काफी तलाश करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला। शिकायतकर्ता के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी नींद का फायदा उठाकर मोबाइल चोरी कर लिया। उस समय ट्रेन बिलासपुर रेलवे स्टेशन से आगे निकल चुकी थी।
चोरी हुए मोबाइल की अनुमानित कीमत 31,999 रुपये बताई गई है। पीड़ित ने यात्रा पूरी करने के बाद नागपुर रेलवे पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर नागपुर जीआरपी ने शून्य क्रमांक अपराध क्रमांक 405/2026, धारा 305(सी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया।
चूंकि चोरी की घटना का क्षेत्राधिकार बिलासपुर रेलवे स्टेशन के अंतर्गत पाया गया, इसलिए मूल दस्तावेज एवं केस डायरी ईमेल के माध्यम से जीआरपी बिलासपुर को भेजी गई है। जीआरपी बिलासपुर अब मामले में नियमित अपराध दर्ज कर आगे की जांच करेगी।
रेलवे पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है तथा आसपास के सीसीटीवी फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
