रायगढ़ वन मंडल के बंगुरसिया सर्किल में हाथी के हमले से एक ग्रामीण घायल हो गया। घायल ग्रामीण को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बंगुरसिया निवासी प्रकाश साव (लगभग 45-50 वर्ष) आज सुबह करीब 4 बजे अपने दो बेटों के साथ सड़क मार्ग से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान बंगुरसिया चौक के पास एक हाथी पहुंच गया। बताया जा रहा है कि हाथी ने प्रकाश साव को अपनी सूंड़ से धक्का दे दिया, जिससे वे घायल हो गए।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
क्षेत्र में हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है तथा लोगों से सुबह-शाम जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
