रायगढ़। जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तिलगी स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर 26 बोरी पीडीएस चावल, 4 बोरी शक्कर और सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासकीय उचित मूल्य दुकान तिलगी (आईडी क्रमांक 412002047) का संचालन जागृति महिला स्व-सहायता समूह द्वारा किया जाता है। 4 अगस्त की दोपहर अगस्त माह के वितरण के लिए ट्रक क्रमांक CG 06 M 0378 से 177 बोरी चावल, 4 बोरी शक्कर और 5 बोरी नमक दुकान में भंडारित किया गया था। बताया गया कि 5 अगस्त की रात 8 बजे से 6 अगस्त की सुबह 6 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का रुख ऊपर की ओर घुमा दिया और रिकॉर्डिंग सुरक्षित न रहे, इसके लिए डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इसके बाद दुकान में रखा 26 बोरी पीडीएस चावल और 4 बोरी शक्कर चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर राशन विक्रेता ने पुसौर थाना पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) एवं 305(A) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस अब आसपास के क्षेत्रों में संदिग्धों की तलाश कर रही है तथा चोरी गए राशन और डीवीआर की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना से क्षेत्र के हितग्राहकों और ग्रामीणों में भी चिंता का माहौल है।
