धरमखदान में ट्रांसफार्मर और केबल की चोरी, एसईसीएल को 1.20 लाख रुपये का नुकसान

by Kakajee News

 

रायगढ़। एसईसीएल छाल उपक्षेत्र के धरमखदान में अज्ञात चोरों ने ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत उपकरणों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना में ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए गए, वहीं ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, एसईसीएल छाल उपक्षेत्र में सुरक्षा प्रहरी के पद पर कार्यरत दिलीप कुमार राठिया ने शुक्रवार को थाना छाल में लिखित आवेदन देकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आवेदन में बताया गया है कि 6 अगस्त की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति धरमखदान परिसर में लगे ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, ट्रांसफार्मर का केबल, पानी पंप के पार्ट्स तथा लोहे के पाइप चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये बताई गई है।
आवेदन के अनुसार, चोरों ने चोरी के दौरान ट्रांसफार्मर को भी क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे खदान क्षेत्र में अतिरिक्त नुकसान हुआ। घटना की जानकारी सुरक्षा प्रहरी ने तत्काल खान अभियंता भूपेन्द्र गोस्वामी एवं पुष्कर ठाकुर को दी।
पीड़ित ने थाना छाल में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है। चोरी की इस घटना से एसईसीएल प्रबंधन में भी चिंता का माहौल है।

Related Posts

Leave a Comment