राजनांदगांव। शहर के फ्लाईओवर पर शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार एक कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। हादसे के बाद फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी मच गई तथा करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा इतना तेज था कि कार पलटकर सड़क के बीचोंबीच जा गिरी। सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जब पुलिस ने कार की जांच की तो वाहन पूरी तरह खाली मिला। चालक हादसे के तुरंत बाद कार छोड़कर मौके से फरार हो चुका था।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार नागपुर से रायपुर की ओर जा रही थी। फ्लाईओवर पर अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया, जिससे कार डिवाइडर से टकराकर पलट गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल वाहन के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और उसके फरार होने के कारणों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चालक की तलाश की जा रही है।
