मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ट्रक और बाइक जब्त; अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर फरार

by Kakajee News

धरमजयगढ़। मवेशियों की तस्करी के खिलाफ धरमजयगढ़ पुलिस ने बीती रात बड़ी कार्रवाई करते हुए मवेशियों से लोड एक ट्रक और एक बाइक को जब्त किया है। पुलिस की घेराबंदी के दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस अब जब्त वाहनों के आधार पर तस्करी में शामिल लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग मवेशियों को ट्रक में लोड कर तस्करी के लिए ले जा रहे हैं। सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ पुलिस, छाल डायल-112 और धरमजयगढ़ क्षेत्र की पुलिस टीम सक्रिय हुई और संदिग्ध वाहन की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने पीछा करते हुए छाल थाना क्षेत्र के पुरुंगा गांव के पास जंगल में मवेशियों से लोड ट्रक को घेरने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पुलिस की घेराबंदी के दौरान ट्रक जंगल में एक गड्ढे में फंस गया। इसी दौरान पुलिस टीम को अपनी ओर आता देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 14 D 0739 और पल्सर बाइक क्रमांक CG 13 BE 0803 को जब्त किया है। वहीं, तस्करों के साथ एक अन्य माजदा वाहन और कार के भी मौके से फरार होने की जानकारी सामने आई है। फरार वाहनों की तलाश और उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
फिलहाल धरमजयगढ़ पुलिस ने जब्त मवेशी लोड ट्रक और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जब्त वाहनों के दस्तावेजों, वाहन मालिकों और तस्करी में शामिल लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि मवेशियों को कहां से लाया गया था और उन्हें कहां ले जाया जा रहा था।
पुलिस की इस कार्रवाई से मवेशी तस्करी में सक्रिय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि मामले में जांच के आधार पर तस्करी में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment