धमतरी। छत्तीसगढ़ के बस्तर की खूबसूरत वादियों का दीदार करने मुंबई से बाइक पर निकले राइडर्स के दल के साथ दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धमतरी जिले में एनएच-30 स्थित मरकाटोला घाट के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार 24 वर्षीय रिद्धि ठक्कर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल रिद्धि की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मुंबई से करीब 23 बाइक राइडर्स का समूह बस्तर की वादियों की सैर के लिए छत्तीसगढ़ पहुंचा था। इस दल में मुंबई के कांदिवली वेस्ट निवासी रिद्धि ठक्कर भी शामिल थीं। बुधवार तड़के करीब 5 से 6 बजे के बीच राइडर्स का अधिकांश समूह आगे निकल गया था, जबकि रिद्धि कुछ अन्य साथियों के साथ पीछे चल रही थीं।
इसी दौरान एनएच-30 पर मरकाटोला घाट के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रेलर ने रिद्धि की बाइक क्रमांक एमएच 12 एसपी 0835 को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिद्धि सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे की सूचना मिलने के बाद डायल-112 की मदद से घायल रिद्धि को चारामा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें धमतरी के श्रीराम अस्पताल रेफर कर दिया। धमतरी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस फरार ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य माध्यमों से ट्रेलर की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
परिजनों को दी गई सूचना
रिद्धि ठक्कर की मौत की सूचना पुलिस ने उनके परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं, इस दर्दनाक हादसे से बस्तर की यात्रा पर निकले बाइक राइडर्स के दल में शोक की लहर है। रिद्धि के साथ सफर कर रहे उनके साथी भी इस घटना से सदमे में हैं।
डीएसपी बोले- जांच जारी
धमतरी के डीएसपी भानुप्रताप चंद्राकर ने बताया कि मृतका रिद्धि ठक्कर मुंबई की रहने वाली थीं और अपने बाइक राइडर्स के ग्रुप के साथ बस्तर की यात्रा पर आई थीं। मरकाटोला के पास उनकी बाइक ट्रेलर की चपेट में आ गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए धमतरी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने उनके साथियों के बयान दर्ज किए हैं। मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच की जा रही है।
