मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला को चाकू अड़ाकर लूटा, 5 लाख के जेवर ले उड़े बाइक सवार बदमाश

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़. शहर के चक्रधरनगर इलाके में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बोईरदादर स्टेडियम रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास शुक्रवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने चाकू की नोक पर रोक लिया। बदमाशों ने महिला से सोने के दो कंगन और चेन उतरवा ली। लूटे गए जेवरों की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला के हाथ पर चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया और फरार हो गए।


मिली जानकारी के मुताबिक चक्रधरनगर बंगलापारा निवासी सोनिया अग्रवाल पति विकास अग्रवाल शुक्रवार सुबह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थीं। वह बोईरदादर स्टेडियम रोड पर दुर्गा मंदिर के पास पहुंची ही थीं कि बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही दोनों ने उन्हें चाकू दिखाकर डराया और पहने हुए सोने के कंगन व चेन उतारने को कहा।


अचानक हुए इस हमले से महिला सहम गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने लूट के दौरान महिला को यह कहते हुए धमकाया कि उसका पति बाहर गया हुआ है और यदि उसने पुलिस को घटना की जानकारी दी तो उसके बच्चे को जान से मार दिया जाएगा। धमकी के बाद महिला ने अपने जेवर बदमाशों को सौंप दिए। इसके बाद भी आरोपियों ने उसके हाथ पर चाकू से वार कर दिया और बाइक से मौके से फरार हो गए।


वारदात के बाद महिला किसी तरह घबराई हुई हालत में अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। मामले की जानकारी पुलिस तक पहुंची, जिसके बाद शनिवार रात चक्रधरनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।


दो दिन में दूसरी वारदात, गश्त पर सवाल
चक्रधरनगर क्षेत्र में लगातार सामने आ रही लूट और चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही केलो विहार कॉलोनी में चेन स्नेचिंग की वारदात सामने आई थी। अब स्टेडियम रोड पर सुबह के समय महिला को निशाना बनाए जाने से इलाके में दहशत का माहौल है। खासकर मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाली महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।


सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि मामला पुलिस के संज्ञान में आया है। घटना को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें