RAIGARH NEWS : पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं, गांवों में पसरा मातम

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जिले में पानी में डूबने की दो अलग-अलग घटनाओं ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कापू थाना क्षेत्र में मछली पकड़ने के दौरान गहरे पानी में फंसा जाल निकालने उतरे 36 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। वहीं विजयनगर में तालाब में नहाने गए करीब 35 वर्षीय युवक की भी पानी में डूबने से जान चली गई। दोनों घटनाओं के बाद गांवों में मातम पसरा हुआ है।

पहली घटना कापू थाना क्षेत्र के ग्राम पाराघाटी की है। यहां निवासी सुनील लकड़ा पिता पर्सन लकड़ा (36 वर्ष) गुरुवार सुबह अपने दो दोस्तों के साथ जाल लेकर नदी में मछली पकड़ने गया था। बताया जा रहा है कि मछली पकड़ने के दौरान उसका जाल नदी के गहरे हिस्से में किसी पत्थर में फंस गया। काफी प्रयास के बावजूद जब जाल बाहर नहीं निकला तो सुनील खुद पानी में उतरकर उसे निकालने लगा।


इसी दौरान जाल अचानक उसके पैर में फंस गया। सुनील जाल को निकालने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह उसमें और उलझता चला गया। गहरे पानी और जाल में फंसने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका। काफी देर तक जब सुनील पानी से बाहर नहीं आया तो उसके साथ मौजूद दोस्तों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने ग्रामीणों को सूचना दी और नदी में उसकी तलाश शुरू की। पानी अधिक होने के कारण काफी मशक्कत के बावजूद जब सुनील का पता नहीं चला तो पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को मौके पर बुलाया गया। शुक्रवार को तलाश के दौरान सुनील का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया।

विजयनगर में तालाब में नहाने गया उमेश फिर नहीं लौटा
इसी तरह की दूसरी घटना विजयनगर से सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर दिया। यहां करीब 35 वर्षीय उमेश भोय रोज की तरह गुरुवार दोपहर लगभग 12 बजे नहाने के लिए तालाब पहुंचा था। उसने तालाब किनारे अपने कपड़े उतारे और पानी में नहाने के लिए उतर गया। कुछ देर तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी उमेश पानी से बाहर नहीं आया। तालाब किनारे मौजूद लोगों ने देखा तो वहां उसके कपड़े पड़े थे, लेकिन उमेश का कहीं पता नहीं था। इसके बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और अनहोनी की आशंका में परिजनों व पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर उसकी तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उमेश का शव पानी से बरामद किया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बताया जा रहा है कि तालाब में पानी की गहराई अधिक थी और उमेश अकेले नहाने गया था। हादसे की खबर फैलते ही मुख्य बस्ती विजयनगर में मातम छा गया।

दो हादसों ने दो परिवारों को दिया गहरा सदमा
जिले में महज एक दिन के अंतराल में पानी में डूबने की इन दोनों घटनाओं ने जलाशयों और नदियों में सावधानी बरतने की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है। मछली पकड़ने के दौरान जाल में फंसने से एक युवक की जान चली गई, जबकि दूसरे युवक की तालाब में नहाने के दौरान मौत हो गई। दोनों घटनाओं से मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें