रायगढ़ । धरमजयगढ़ के पतरापारा वार्ड क्रमांक 08 में एक सूने किराए के मकान को चोरों ने निशाना बनाते हुए करीब 50 हजार रुपये नगद पार कर दिए। परिवार के साथ रायपुर गए मकान मालिक के लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार महेन्द्र कुमार गुप्ता (35), मूल रूप से अंबिकापुर के बाबूपारा निवासी हैं और वर्तमान में धरमजयगढ़ के पतरापारा वार्ड क्रमांक 08 में किराए के मकान में रहकर फास्ट फूड का ठेला लगाते हैं। बताया गया कि 1 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे वह परिवार के साथ मकान में ताला लगाकर रायपुर चले गए थे।
अगले दिन 2 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे पड़ोसी प्रमोद जांगड़े ने फोन कर बताया कि मकान के सामने दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। घर के अंदर जाकर देखने पर सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। साथ ही बेडरूम में रखी अलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ मिला।
सूचना मिलने के बाद महेन्द्र गुप्ता 4 अक्टूबर को परिवार सहित धरमजयगढ़ वापस लौटे। घर की जांच करने पर सामने के दरवाजे का टूटा ताला वहीं लटका मिला और अंदर सामान बिखरा हुआ था। अलमारी का लॉकर भी टूटा था। लॉकर में रखी करीब 50 हजार रुपये की नकदी गायब मिली।
पीड़ित ने आशंका जताई है कि उसके रायपुर जाने के दौरान किसी अज्ञात चोर ने रात के समय घर में घुसकर अलमारी का लॉकर तोड़ा और उसमें रखी नकदी चोरी कर ली। पीड़ित ने 6 अक्टूबर को धरमजयगढ़ थाने पहुंचकर मामले की मौखिक रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस अब अज्ञात आरोपी की तलाश और चोरी की घटना से जुड़े साक्ष्यों की जांच में जुटी है।


