धरमजयगढ़ वन मंडल के बकारुमा रेंज में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। 7 अक्टूबर की सुबह करीब 4 बजे खैर लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा गया। बाकारुमा से लैलूंगा मार्ग पर धातुनपारा के पास वन विभाग ने घेराबंदी की।
ट्रक क्रमांक UP 67 AT 1395 में बड़ी संख्या में खैर की लकड़ियां लदी मिलीं। जंगली हाथियों की निगरानी के दौरान वन विभाग को यह महत्वपूर्ण सूचना मिली थी।
मुखबिर की सूचना पर बाकारुमा रेंजर विष्णु मरावी को मामले की जानकारी मिली। रेंजर ने तत्काल उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया। इसके बाद करीब आधा दर्जन कर्मचारियों की टीम बनाकर मौके पर दबिश दी गई।
वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध ट्रक को मौके पर पकड़ लिया। जांच के दौरान ट्रक में खैर की लकड़ियों का बड़ा जखीरा बरामद हुआ।वन विभाग ने ट्रक समेत पूरी लकड़ी को अपने कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर ट्रक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा।
अब वन विभाग जब्त लकड़ी की मात्रा और उसके परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रहा है। साथ ही ट्रक मालिक और इस अवैध परिवहन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। बकारुमा रेंज में हुई इस कार्रवाई के बाद अवैध लकड़ी परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।


