तूफान और बारिश भी नहीं रोक पाई अग्र आनंद मेले की रौनक,दिखी स्वाद और हुनर की रंगीन दुनिया, समाज की छुपी प्रतिभाओं को मिला खुला मंच,सभी ने दिल खोलकर आनंद उठाया

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़ : महाराजा श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव के तहत मंगलवार को स्थानीय रेड क्वीन परिसर में अग्र आनंद एवं पाक मेला का भव्य आयोजन किया गया। शाम को कार्यक्रम शुरू होने से ठीक पहले तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने आयोजन पर संकट खड़ा कर दिया था। एक समय ऐसा लगा कि शायद मेला आयोजित नहीं हो पाएगा, लेकिन आयोजन समिति और प्रभारियों की मेहनत व उत्साह के आगे मौसम भी फीका पड़ गया। शाम करीब 7 बजे मेला शुरू हुआ और इसके बाद उमड़ी भीड़ ने पूरे परिसर को उत्सव के रंग में रंग दिया।

मेले में 38 स्टॉल लगाए गए थे, जिनमें तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों से लेकर बच्चों और परिवारों के लिए मनोरंजक खेल आकर्षण का केंद्र रहे। दाबेली, वड़ा पाव, देसी-ग्रामीण व्यंजन, चावल की पकौड़ी, सैंडविच, गार्लिक ब्रेड, वेफर्स, आइसक्रीम सहित अनेक खाद्य सामग्री के स्टॉल लोगों को खूब पसंद आए। बच्चों के लिए एक मिनट गेम सहित कई मनोरंजक खेल आयोजित किए गए। वहीं समाज की महिलाओं और युवाओं ने घर पर तैयार किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों, डाइट एवं ब्यूटी से जुड़े उत्पादों, ड्रायफ्रूट आदि के स्टॉल लगाकर अपनी प्रतिभा और उद्यमिता का प्रदर्शन किया।

राजस्थानी रंगत ने बांधा समां, लाइव मंच पर दिखी छिपी प्रतिभाएं

अग्र आनंद एवं पाक मेले में राजस्थानी संस्कृति की विशेष झलक देखने को मिली। राजस्थानी खाट, हुक्का, ऊंट सहित विभिन्न आकर्षक सेल्फी पॉइंट बनाए गए, जहां बच्चों और युवाओं ने जमकर तस्वीरें खिंचवाईं। कोरबा से आए राजस्थानी लोक नृत्य दल ने शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को पूरी तरह राजस्थानी रंग में रंग दिया।

मेले की सबसे खास विशेषताओं में से एक रहा बीचों-बीच बनाया गया लाइव म्यूजिक स्टेज। लाइव ऑर्केस्ट्रा के साथ समाज के कई सदस्यों ने मंच पर अपनी गायन प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इनमें कई ऐसी प्रतिभाएं भी सामने आईं, जो अब तक घरों और अपने परिचितों के बीच ही गुनगुनाती थीं। पहली बार बड़े मंच पर माइक थामकर उन्होंने अपनी आवाज का जादू बिखेरा। समाज की इन छिपी प्रतिभाओं को मंच देने की पहल की सभी ने सराहना की। मंच को सभी के लिए खुला रखा गया, जिससे मेले का उत्साह और बढ़ गया।

महिलाओं की टीम ने संभाली पूरी कमान

कार्यक्रम को सफल बनाने में जयंती आयोजन समिति की प्रभारी एवं अग्र आनंद एवं पाक मेला प्रभारी श्रीमती कविता बेरीवाल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके साथ शालू गोयल, रेखा अग्रवाल, सुरुचि अग्रवाल, सीमा गुप्ता, राधा अग्रवाल, सुरेखा अग्रवाल, रानी तायल, करिश्मा अग्रवाल, मोना अग्रवाल, मधु गर्ग, मीता अग्रवाल, रीथिका बेरीवाल, मधु अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, सुमन सरावगी, पिंकी अग्रवाल, मनीषा अग्रवाल, मोनाली सा अग्रवाल, शीला अग्रवाल, शारदा अग्रवाल, शीतल मित्तल एवं सुनीता बेरीवाल सहित पूरी टीम ने लगातार मेहनत की।

आयोजन को सफल बनाने में संजय अग्रवाल (कार्ड), प्रदीप गर्ग, अनूप बंसल, संजय अग्रवाल (पथलगांव), सचिन बंसल,अशोक अग्रवाल (ब्लू चिप),मानस अग्रवाल,प्रकाश निगानिया,गोपाल बापोडिया, एवं दीपक केडिया सहित समिति के अन्य सदस्यों का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

आंधी-तूफान और बारिश के बावजूद मेले में उम्मीद से कहीं अधिक भीड़ उमड़ी। देर रात तक लोगों ने खान-पान, खेल, संगीत और राजस्थानी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का जमकर आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार मेले में लगाए गए स्टॉल संचालकों को भी शानदार प्रतिसाद मिला और कई स्टॉलों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। अग्र आनंद एवं पाक मेला न सिर्फ मनोरंजन का केंद्र बना, बल्कि समाज की प्रतिभा, उद्यमिता और सामूहिक सहभागिता का खूबसूरत मंच भी साबित हुआ।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें