RAIGARH NEWS : जलती जींस से युवक का चेहरा जलाने का आरोप, दुर्गा देखकर घर लौट रहा था राजेश, रास्ते में हुई घटना; पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज किया अपराध

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के जूनाडीह में एक युवक का जलती जींस पैंट से चेहरा जलाने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, वह दुर्गा देखकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर उसे आग से जलाने की धमकी दी और पीछे से पकड़कर जलती हुई जींस पैंट से उसका चेहरा जला दिया। मामले में लैलूंगा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छत पर आग जलाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, वार्ड क्रमांक 03 जूनाडीह निवासी राजेश महंत (25 वर्ष) रोजी-मजदूरी का काम करता है। उसने बताया कि 15 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे वह लैलूंगा से दुर्गा देखकर अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान वह मनु महंत के घर के पास पहुंचा, जहां कृतदास महंत कथित तौर पर जोर-जोर से बड़बड़ा रहा था।
शिकायत में बताया गया है कि इससे कुछ देर पहले मनु महंत को अपने घर की छत पर आग जलाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद वह छत पर पहुंचा और कृतदास महंत को आग नहीं जलाने की समझाइश दी। इसके बाद कृतदास छत से नीचे उतर गया।

आग से जलाने की धमकी देकर किया हमला
राजेश के मुताबिक, रास्ते से गुजरते समय उसने कृतदास महंत की आवाज सुनी और पास जाकर पूछा कि क्या हुआ चाचा? आरोप है कि इस पर कृतदास ने उसे वहां से भाग जाने को कहा और आग से जलाने की धमकी दी। इसके बाद पीछे से पकड़कर जलती हुई जींस पैंट से उसका चेहरा जला दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसके चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। घटना के बाद उसने अपने परिजनों और आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। अगले दिन 16 अक्टूबर को उसने लैलूंगा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
पीड़ित की शिकायत के आधार पर लैलूंगा पुलिस ने कृतदास महंत, निवासी वार्ड क्रमांक 03 जूनाडीह, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के संबंध में अन्य तथ्य जांच के बाद स्पष्ट होंगे।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें