रायगढ़। ट्रेन में सफर के दौरान एक यात्री का करीब 77 हजार रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी होने का मामला सामने आया है। रायगढ़ निवासी यात्री अजय कुमार सिंह ने जीआरपी थाना रायगढ़ पहुंचकर मोबाइल चोरी होने की लिखित शिकायत दर्ज कराई है। चोरी हुआ मोबाइल वनप्लस कंपनी का बताया जा रहा है, जिसकी कीमत 76,999 रुपये है।
मिली जानकारी के अनुसार, रायगढ़ के बड़े रामपुर स्थित सिल्वर नेस्ट कॉलोनी निवासी अजय कुमार सिंह 14 अक्टूबर 2026 को ट्रेन संख्या 18201 नौतनवा एक्सप्रेस के कोच बी-2 की बर्थ नंबर 55 पर सवार होकर वाराणसी की यात्रा कर रहे थे। सफर के दौरान उनकी आंख लग गई। इसी बीच 15 अक्टूबर की रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच जब ट्रेन अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर रुकी, तब उन्हें बर्थ पर रखा अपना मोबाइल फोन गायब मिला।
यात्री ने अपने स्तर पर मोबाइल की तलाश की और ट्रेन में मौजूद आरपीएफ स्काउटिंग पार्टी को घटना की जानकारी दी। बताया गया कि आरपीएफ की टीम ने संबंधित बोगी में मोबाइल की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद यात्री को यात्रा पूरी करने के बाद जीआरपी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी गई।
इसके बाद 17 अक्टूबर को अजय कुमार सिंह जीआरपी थाना रायगढ़ पहुंचे और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मोबाइल चोरी की शिकायत दर्ज कराने आवेदन सौंपा। शिकायत में उन्होंने बताया कि चोरी हुए मोबाइल का रंग काला है। मोबाइल बंद होने के बाद कॉल करने पर कॉल फॉरवर्ड होने की जानकारी मिल रही है।
फिलहाल यात्री ने मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। ट्रेन में सफर के दौरान हुई इस घटना ने यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े किए हैं।



