Kakajee News

जंगल में फिर बिछा मौत का जाल! करंट की चपेट में आकर नर हाथी की मौत की आशंका, वन विभाग में हड़कंप

Picture of kakajee

kakajee

अंबिकापुर। जंगल में विचरण कर रहे हाथियों के लिए इंसानों की एक लापरवाही जानलेवा साबित होती नजर आ रही है। सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र में एक नर हाथी का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। कुसुवा मुड़ा के पास जंगल में मिले हाथी के शव को लेकर आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत अवैध रूप से बिछाए गए करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हुई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
मिली जानकारी के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले कर्म कट्टरा के जंगल में 14 हाथियों का एक दल पहुंचा था। कुछ समय बाद इस दल के 12 हाथी चकेरी के जंगल की ओर चले गए, जबकि दो हाथियों का कोई पता नहीं चल पा रहा था। वन विभाग की टीम दोनों लापता हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी बीच कुसुवा मुड़ा के जंगल में एक नर हाथी का शव मिलने की खबर सामने आई। लापता हाथियों में से एक का शव मिलने के बाद वन विभाग की चिंता बढ़ गई है। वहीं दूसरे हाथी की तलाश अब भी जारी है।
हाथी का शव मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है। शुरुआती आशंका अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की ओर है। यदि करंट प्रवाहित तार से हाथी की मौत हुई है तो यह वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ-साथ जंगल में अवैध बिजली कनेक्शन के इस्तेमाल पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।
फिलहाल वन विभाग की जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि हाथी की मौत करंट से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। साथ ही यह भी पता लगाना जरूरी होगा कि जंगल में करंट प्रवाहित तार किसने और किस उद्देश्य से बिछाया था। एक हाथी की मौत और दूसरे के लापता होने से वन विभाग की निगरानी व्यवस्था के सामने भी चुनौती खड़ी हो गई है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें