रायगढ़। जिले के धर्मजयगढ़ वन मंडल के जंगलों में इन दिनों हाथियों के एक कुनबे में खुशियों की दस्तक देखने को मिल रही है। यहां विचरण कर रहे हाथियों के दल में एक मादा हथिनी ने पिछले दिनों नन्हे शावक को जन्म दिया है। जंगल में नए मेहमान के आगमन के बाद वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम पूरी तरह सतर्क है। शावक की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे हाथी दल की 24 घंटे निगरानी की जा रही है। एक बार फिर से गांव के ग्रामीण हाथी शावक के छठी मनाने की भी तैयारी में जुट गए हैं।
इसी बीच घने जंगल से हाथियों के इस कुनबे की एक बेहद खूबसूरत तस्वीर सामने आई है, जो हर किसी का ध्यान खींच रही है। तस्वीर में नन्हा शावक अपनी मां के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि शावक की सुरक्षा में पूरा हाथी दल एकजुट दिखाई दे रहा है। बड़े हाथियों ने नन्हे सदस्य को अपने बीच इस तरह घेर रखा है, मानो उसे किसी तरह की आंच न आने देने का संकल्प लिया हो।
हाथियों के झुंड में शावक को मिल रहा यह सामूहिक संरक्षण जंगल के जीवन की खूबसूरत तस्वीर पेश कर रहा है। मां के साथ नन्हे कदमों से जंगल की राह नापता शावक और उसके चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाकर चलते हाथियों का कुनबा यह संदेश दे रहा है कि हाथियों के परिवार में हर नन्हे सदस्य की सुरक्षा कितनी अहम होती है। काकाजी डॉट काम को मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में हाथियों का यह दल दो भागों में बंट कर गया है और ओंगना गांव में विचरण कर रहा है। 2 नवंबर को क्रोंधा जंगल में जन्म हुए नन्हें शावक का गांव के ग्रामीण छठी मनाने की तैयारी भी करने की जानकारी सामने आ रही है।
इधर, वन विभाग और हाथी मित्र दल की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है, ताकि मां और शावक दोनों सुरक्षित रहें। जंगल से सामने आई यह तस्वीर वन्यजीव प्रेमियों के लिए किसी खूबसूरत सौगात से कम नहीं है।





