Kakajee News

जल जीवन मिशन से बदली जवारीटोला की तस्वीर, 109 घरों तक पहुंचा नल से जल, जिला मुख्यालय से 135 किलोमीटर दूर बसे गांव में पेयजल सुविधा का विस्तार, 497 की आबादी को मिल रही राहत

Picture of kakajee

kakajee

एमसीबी : जल जीवन मिशन के माध्यम से जिले के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। जनपद पंचायत भरतपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत कर्री के आश्रित ग्राम जवारीटोला में भी इस योजना ने ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या को काफी हद तक दूर किया है। जिला मुख्यालय मनेन्द्रगढ़ से लगभग 135 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव में अब घरों तक नल के माध्यम से पानी पहुंचने लगा है। इससे ग्रामीणों को पानी के लिए दूर-दराज के जल स्रोतों पर निर्भर रहने की परेशानी से राहत मिली है। विशेषकर महिलाओं के समय और श्रम की बचत होने से उनकी दैनिक दिनचर्या अधिक सुगम हुई है।
पहले पानी के लिए तय करनी पड़ती थी लंबी दूरी
जल जीवन मिशन के क्रियान्वयन से पहले जवारीटोला के ग्रामीण पेयजल और घरेलू जरूरतों के लिए कुओं, तालाबों तथा हैंडपंपों पर निर्भर थे। गर्मी के दिनों में जलस्तर कम होने से पानी की उपलब्धता और कठिन हो जाती थी। महिलाओं को पानी लाने के लिए अतिरिक्त समय और मेहनत करनी पड़ती थी। कई बार बच्चों को भी इस कार्य में सहयोग करना पड़ता था, जिससे उनकी पढ़ाई और अन्य गतिविधियां प्रभावित होती थीं। गांव में नल से जल की सुविधा विकसित होने के बाद इन परेशानियों में काफी कमी आई है।
120 परिवारों वाले गांव में 109 घरेलू नल कनेक्शन
जल जीवन मिशन के अंतर्गत जवारीटोला में एकल ग्राम योजना के माध्यम से पेयजल व्यवस्था विकसित की गई है। योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार, ओवरहेड टैंक निर्माण तथा घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराने का कार्य किया गया। गांव की कुल आबादी 497 है और यहां 120 परिवार निवासरत हैं। इनमें से 109 घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। इससे अधिकांश परिवारों को घर पर ही पानी मिलने लगा है और दैनिक जरूरतों के लिए पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भरता कम हुई है।
महिलाओं को मिली राहत, बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय
घर तक पानी पहुंचने से सबसे अधिक राहत महिलाओं को मिली है। पहले जहां उन्हें पानी लाने में काफी समय लगाना पड़ता था, वहीं अब नल कनेक्शन के माध्यम से घर पर पानी उपलब्ध होने से उनका श्रम कम हुआ है। समय की इस बचत का उपयोग महिलाएं घरेलू कार्यों, परिवार की देखभाल और आजीविका संबंधी गतिविधियों में कर पा रही हैं। बच्चों को भी पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए अधिक समय मिलने लगा है। पानी की सुलभ उपलब्धता से घरों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखना भी आसान हुआ है।
जनभागीदारी से पेयजल व्यवस्था को मिल रही मजबूती
गांव में पेयजल व्यवस्था के संचालन और रखरखाव के लिए ग्रामीणों की सहभागिता को भी महत्व दिया गया है। ग्राम स्तर पर गठित जल एवं स्वच्छता समिति के माध्यम से पानी के विवेकपूर्ण उपयोग, जल स्रोतों के संरक्षण तथा पेयजल व्यवस्था के बेहतर रखरखाव के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, ग्राम पंचायत और ग्रामीणों के सामूहिक प्रयासों से गांव में पेयजल सुविधा को मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया गया है।
दूरस्थ गांव में बदलाव की मिसाल बना जल जीवन मिशन
जिला मुख्यालय से दूर बसे जवारीटोला में नल से जल की सुविधा ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनी है। कभी पानी की व्यवस्था के लिए समय और श्रम खर्च करने वाले परिवारों को अब घर पर ही पानी उपलब्ध हो रहा है। इससे न केवल दैनिक जीवन आसान हुआ है, बल्कि महिलाओं और बच्चों को भी राहत मिली है। जवारीटोला की यह उपलब्धि दर्शाती है कि जल जीवन मिशन दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के साथ जीवन स्तर में सुधार की महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, केलो विहार में अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, किराये के मकान में युवती से कराया जा रहा था देह व्यापार, संचालक गोविंद साहू गिरफ्तार, पुलिस ने ग्राहक बनाकर भेजा पाइंटर, संकेत मिलते ही संयुक्त टीम ने मकान में मारी दबिश

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें