Kakajee News

भाई ने जहर खाकर की आत्महत्या की कोशिश, नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप, घरघोड़ा में पारिवारिक विवाद ने लिया गंभीर रूप, घायल युवक अस्पताल में भर्ती

Picture of kakajee

kakajee

रायगढ़। जनप्रतिनिधियों की पहचान आमतौर पर जनता के बीच उनके सेवा कार्यों, विकास और समस्याओं के समाधान से बनती है, लेकिन घरघोड़ा में नगर पंचायत उपाध्यक्ष पर लगे गंभीर आरोपों ने पहचान के इस पैमाने को ही सवालों के घेरे में ला दिया है। यहां नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी पर एक युवक को मारपीट, मानसिक प्रताड़ना और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगे हैं। कथित प्रताड़ना से परेशान युवक मोनू खान द्वारा जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या की कोशिश किए जाने के बाद मामला गंभीर हो गया है। युवक अस्पताल में भर्ती है, जबकि उसके भाई ने थाने पहुंचकर आरोपी के विरुद्ध शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

वार्ड क्रमांक 2 घरघोड़ा निवासी मुजाहिर खान ने थाना प्रभारी को सौंपे शिकायत आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके छोटे भाई मोनू खान को नगर पंचायत उपाध्यक्ष अमित त्रिपाठी द्वारा लगातार परेशान किया जा रहा था। उसके साथ मारपीट किए जाने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकी देकर दबाव बनाने की बात शिकायत में कही गई है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, लगातार मानसिक दबाव और प्रताड़ना के कारण उसका भाई काफी समय से तनाव में था। इसी से तंग आकर उसने जहरीला पदार्थ सेवन कर आत्महत्या की कोशिश की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उपचार जारी है। परिवार का कहना है कि यदि कथित प्रताड़ना और दबाव का सिलसिला नहीं थमा तो भविष्य में कोई और गंभीर घटना हो सकती है।

पुलिस से कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की गुहार
पीड़ित के भाई ने पुलिस से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच, आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर उचित कानूनी कार्रवाई, परिवार को धमकी और दबाव से सुरक्षा तथा अस्पताल में भर्ती युवक का बयान लेकर मामले की सच्चाई सामने लाने की मांग की है। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने की कथित कोशिशों पर रोक लगाने की भी गुहार लगाई गई है।

अस्पताल पहुंचकर लिया गया बयान
घटना की गंभीरता को देखते हुए तहसीलदार घरघोड़ा हिमांशु सिंह द्वारा अस्पताल में घायल युवक का बयान लिए जाने की जानकारी मिली है। इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि और उनका पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन मोबाइल फोन बंद मिला।

फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच और दूसरे पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है। लेकिन घटना ने एक असहज सवाल जरूर खड़ा कर दिया है—जनता के बीच सेवा और नेतृत्व की पहचान लेकर पहुंचे पदों पर बैठे लोगों का नाम यदि प्रताड़ना और मारपीट जैसे आरोपों से जुड़ने लगे, तो जनप्रतिनिधित्व की गरिमा पर सवाल उठना स्वाभाविक है।

kakajee
Author: kakajee

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

और भी

रायगढ़ को फिर मिली बड़ी सौगात: नवीन नर्सिंग महाविद्यालय के भवन के लिए 11.61 करोड़ की स्वीकृति, वित्त मंत्री ओपी चौधरी के प्रयासों से वित्त विभाग ने दी प्रशासकीय स्वीकृति, जल्द शुरू होगा निर्माण

ताज़ा खबरें
खबरें लोड हो रही हैं…
सारी खबरें देखें