कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथियों को भगाने के लिए ट्रैक्टर लेकर जंगल पहुंचे ग्रामीणों को अपनी जान जोखिम में डालना भारी पड़ सकता था। हाथियों के करीब पहुंचकर शोर मचा रहे ग्रामीणों पर एक गुस्साए हाथी ने अचानक पलटवार कर दिया। हाथी ने ट्रैक्टर के इंजन को अपनी सूंड से पकड़कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो ग्रामीणों की लापरवाही को उजागर कर रहा है।
यह वीडियो कोरबा वन मंडल के कुदमुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत जिल्गा परिसर के आमा डुगरु जंगल का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगली हाथियों को भगाने जंगल पहुंच गए थे। ट्रैक्टर में सवार ग्रामीण लगातार हो-हल्ला कर रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वे हाथियों के नजदीक पहुंचे, एक हाथी आक्रामक हो गया। उसने ट्रैक्टर के अगले हिस्से को सूंड से पकड़कर जोरदार तरीके से क्षतिग्रस्त कर दिया। हाथी के इस हमले से ट्रैक्टर को काफी नुकसान पहुंचा। बताया जा रहा है कि उक्त ट्रैक्टर जागर सिंह राठिया का है।
इस घटना में सबसे बड़ा खतरा ट्रैक्टर में सवार ग्रामीणों की जान को था। जंगल का ऊबड़-खाबड़ रास्ता और सामने गुस्साया हाथी, ऐसे में यदि ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ता और कोई ग्रामीण नीचे गिर जाता तो उसकी जान पर बन सकती थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
जंगल में 11 हाथियों का दल, नन्हा शावक भी शामिल
वन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में कोरबा जिले में 18 हाथी अलग-अलग दलों में विचरण कर रहे हैं। जिस इलाके में यह घटना हुई, वहां 11 हाथियों का दल मौजूद है। इस दल में एक नन्हा हाथी शावक भी शामिल है। ऐसे में हाथियों के आसपास शोर मचाना या उन्हें खुद भगाने की कोशिश करना ग्रामीणों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
https://www.instagram.com/reel/DgFn5vcth7M/?gwpx=ZHJpZTg2YnQ3YW96




