रायगढ़ । जंगलों में विचरण करने वाले हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने और ग्रामीणों को संभावित खतरे से सतर्क करने की जिम्मेदारी निभाने वाले धरमजयगढ़ वन मंडल के ट्रेकिंग दल के सदस्य इन दिनों खुद आर्थिक परेशानियों से जूझ रहे हैं। हाथियों की निगरानी के लिए रोजाना सुबह करीब 6 बजे जंगल में निकलने वाले इन सदस्यों को अक्टूबर 2025 से अब तक का भुगतान नहीं मिला है। ऐसे में करीब 13 महीने से मानदेय लंबित होने के कारण ट्रेकिंग दल के सदस्यों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
ट्रेकिंग दल के सदस्यों ने इस संबंध में जल्द ही वन मंडलाधिकारी (DFO) धरमजयगढ़ को आवेदन सौंपकर लंबित भुगतान जल्द जारी करने और भविष्य में हर महीने नियमित भुगतान की व्यवस्था करने की मांग करने की तैयारी कर चुके है। ट्रेकिंग दल के सदस्यों का कहना है कि उनका काम बेहद जोखिमपूर्ण है। हाथियों की मौजूदगी और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए वे प्रतिदिन सुबह जंगलों में जाते हैं। इस दौरान कई बार जंगली हाथियों से आमना-सामना होने की स्थिति बन जाती है, जिसमें उनकी जान तक खतरे में पड़ सकती है। इसके बावजूद वे पूरी निष्ठा और साहस के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।
साल में एक बार होता है भुगतान
ट्रेकिंग दल के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि उन्हें उनके काम का भुगतान नियमित रूप से नहीं किया जाता। साल में केवल एक बार भुगतान किए जाने की स्थिति बनती है। जब भी वे अपने बीट गार्ड और डिप्टी रेंजर से भुगतान के संबंध में जानकारी लेते हैं, तो बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कहकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है, सदस्यों का कहना है कि अक्टूबर 2025 से अब तक भुगतान नहीं मिलने के कारण परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है। हाथियों की निगरानी जैसे महत्वपूर्ण और जोखिमपूर्ण काम के बावजूद समय पर मेहनताना नहीं मिलना उनके लिए चिंता का विषय बन गया है।
DFO से नियमित भुगतान करने की रखेंगे मांग
ट्रेकिंग दल के सदस्य वन मंडलाधिकारी से अक्टूबर 2025 से लंबित भुगतान जल्द जारी करने की माँग करने की तैयारी कर चुके हैं, इसके अलावा आगे से प्रत्येक महीने नियमित रूप से मानदेय देने की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग रखेंगे।





