मातम में बदलीं शादी की खुशियां, बारात आने से पहले गिरा छत का छज्जा, दो की मौत, कई घायल

by Kakajee News

नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र के अमावां गांव में अचानक शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। ये घटना उस समय घटित हुई जब शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। लोग बारात आने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक छत का छज्जा गिर गया। इसमें दो लोगों की मौत हो गई जबकि 28 लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, घटना में बिंद के अमावां निवासी 12 साल के रंजन और 10 साल के शिवम कुमार की मौत हो गई। वहीं दो दर्जन से ज्यादा लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है। मृतक शिवम अपनी फूफेरी बहन की शादी में शरीक होने के लिए गांव आया था।

बारात आने से पहले गिरा छत का छज्जा
घटना के बारे में गांव के ही उपमुखिया सुधीर कुमार ने बताया कि अमावां के रहने वाले रामभजन की बेटी की शादी की बारात हरनौत थाने के किचनी गांव से आनेवाली थी। बारात आने से पहले शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। इस दौरान कुछ लोग दरवाजे पर नाच रहे थे। वहीं कुछ लोग छज्जे पर चढ़कर नाच को देख रहे थे।
इसी दौरान अचानक छज्जा नीचे गिर गया। घटना में 30 लोग मलबे के नीचे दब गए। दो मासूमों ने मौके पर दम तोड़ दिया जबकि 28 लोग घायल हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। कुछ का गांव के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related Posts

Leave a Comment