गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय में लगने वाले साप्ताहिक हाट में गुरुवार को एक पांच साल की मासूम बिकने से बच गई। बाजार में उसे बेचने पहुंची महिला ने मासूम की कीमत 10 हजार रुपए लगाई थी। इस सनसनीखेज मामले की भनक लगते ही भीड़ जुटने लगी। भीड़ जुटता देख महिला बच्ची को बाजार में छोड़कर भाग गई।
बाद में लोगों ने पुलिस को उसकी सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी पहुंचे और बच्ची को थाने ले जाने की कोशिश की। पुलिस को देख मासूम डर गई और थाना प्रभारी के साथ जाने के नाम पर अपने बैठे स्थान से पीछे खिसकने लगी। तबतक मौके पर कई संगठन के लोग पहुंच गए और सीडब्ल्यूसी गुमला से संपर्क किया।
सीडब्लूसी ने बच्ची को गुमला पहुंचाने की बात कही। उधर, पूछे जाने पर उक्त बच्ची ने लोगों को अपना नाम बताया। बाजार में उपस्थित कई ग्रामीणों ने बताया कि बच्ची अरंगी की रहने वाली है और उसके मां बाप नहीं है। हालांकि उसके दादा-दादी हैं।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पतराटोली की एक महिला इसे लेकर बाजार में बेचने के इरादे से आई थी। उस महिला की बेटी की शादी अरंगी में हुई है। इस बाबत थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने बच्ची के मामा से संपर्क किया है। उन्होंने बच्ची को अपने पास रखने की बात कही है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
