बिलासपुर। कटघोरा वनमंडल से रेस्क्यू कर सोमवार की रात जिस भालू को गौरेला के जंगल में छोडा गया था। उसने सुबह से आतंक मचाना शुरू कर दिया। पेंड्रा—गौरेला—मरवाही जिले के खोडरी वन परिक्षेत्र के मुसियारी घाट के पास भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। इससे वह जख्मी हो गया। आनन—फानन में घायल को अस्पताल लेकर रवाना हुए,लेकिन उसने रास्ते में दम तोड दिया।
वही दो लोगों ने बाइक छोडकर जान बचाई। घटना की सूचना के बाद वन अमला तैनात हो गया। भालू सडक में बाइक के किनारे बैठा हुआ है। कटघोरा में इसी भालू ने एक महिला मार डाला था। एक महिला किसी तरह जान बचाकर भागी। हिंसक होने के कारण भालू को रेस्क्यू करने का निर्णय लिया गया।
इसके लिए कानन पेंडारी जू की रेस्क्यू टीम पहुंची और सोमवार की शाम को ट्रैक्यूलाइजर गन से बेहोश कर पकड लिया गया। पहले उसे कानन पेंडारी लाने की योजना थी। बाद में उसे जंगल में छोडने का निर्णय लिया गया। रात में रेस्क्यू टीम ने गौरेला के जंगल में छोड दिया। उम्मीद थी कि वह जंगल के अंदर जाने के बाद बाहर नहीं आएगा। पर सुबह खोडरी— खोंगसरा मार्ग पर पहुंच गया। जिसे सबसे पहले पेंड्रा से बिलासपुर के बीच चलने वाली बस के चालक व यात्रियों ने देखा। भालू सडक पर ही खडा था। किसी तरह चालक ने किनारे से बस निकाली। बस के पीछे बाइक सवार भी था। जिसने दूर से ही भालू को देख लिया। भालू को नजदीक आता देख बाइक सवार बाइक को छोडकर भाग निकला। इसी बीच एक और बाइक गुजर रही थी। इसमें भी सवार लोग बाइक छोडकर भाग निकले। भालू बाइक के नजदीक पहुंचा और क्षतिग्रस्त कर दिया। वह आक्रमक हो चुका था। उसी समय एक बुजुर्ग ग्रामीण पैदल आ रहा था। जिसे देखते ही भालू ने हमला कर दिया। बुजुर्ग का चेहरा नोच डाला। खून से लथपथ ग्रामीण सडक पर बैठ गया। इतने में वन विभाग का अमला पहुंचा। एंबुलेंस बुलाकर घायल को उपचार के लिए पेंड्रा रवाना किया गया। उसने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी। कुछ ग्रामीणों ने बताया कि बुजुर्ग घुमंतू है। अक्सर आसपास के गांव के घरों में मांगते ही देखा गया है। घटना के बाद पेंड्रा व बेलगहना वन परिक्षेत्र का अमला मौके पर पहुंच गया है। अभी भालू जिस जगह पर है वह दोनों रेंज की सीमा है। दोनों तरफ से लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। इसके अलावा भालू पर ड्रोन कैमरे से नजर रखी जा रही है।
रवाना होगी कानन की रेस्क्यू टीम
घटना की सूचना कानन पेंडारी जू को दी गई है। थोडी देर में रेस्क्यू टीम मौके के लिए रवाना होगी। टीम को दोबारा भालू को रेस्क्यू करने का आदेश हुआ है।
घायल है भालू
भालू घायल है। वह अचानक उठता है और फिर बैठ जाता है। हालांकि उसे चोट कैसे और कहा लगी है। यह स्पष्ट नहीं है। कोई उसके नजदीक जाने की हिम्मत भी नहीं कर रहा है। इस बार रेस्क्यू कर शायद कानन पेंडारी जू लाया जा सकता है।
346
