रायगढ़। बीसीसीआई के निर्देश पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा क्रिकेट के आने वाले सत्र की घोषणा कर दी गई है। जिसमें अंडर 23 क्रिकेट को बदलकर अंडर 25 कर दिया गया है इस हेतु टीम के लिए ट्रायल 20 सितंबर को फिटनेस टेस्ट स्टेडियम में और ट्रायल संस्कार स्कूल कैम्पस के सीमेंट पिच पर होगा।
जिला क्रिकेट संघ के सचिव रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि अंडर 25 खिलाडिय़ों के सभी मैच अथवा ट्रायल टेस्ट आधार पर होंगे इस कारण से पहले फिटनेस टेस्ट किया जाएगा। फिटनेस टेस्ट के लिए प्रात: 9:00 बजे रायगढ़ स्टेडियम में खिलाडिय़ों को पहुंचने के लिए कहा गया है। जहाँ फिटनेस जाँच समिति के सदस्य जफर उल्लाह सिद्धिकी व अभिषेक गुप्ता द्वारा खिलाडिय़ों का परीक्षण किया जाएगा।
दोपहर को 1:00 बजे से खिलाडिय़ों का बल्लेबाजी एवं गेंदबाजी के आधार पर ट्रायल लिया जाएगा। ट्रायल के लिए चयनकर्ता वरिष्ठ खिलाड़ी पंकज बोहिदार, जफर उल्लाह सिद्धिकी व महेन्द्र साव को मनोनीत किया गया है। संघ के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने ज्यादा से ज्यादा खिलाडिय़ों को ट्रायल में शामिल होने की अपील की है।
यह है नियमावली
सचिव रामचन्द्र शर्मा ने बताया कि अंडर 25 के लिए उम्र की सीमा 1 सितंबर 1996 उम्र सीमा रखी गई है। इसके पूर्व जन्म लेने वाले खिलाड़ी ट्रायल में शामिल नहीं हो पायेंगे। सभी खिलाडिय़ों को अपनी कीट लानी होगी तथा सफेद ड्रेस में आना होगा। राज्यस्तरीय टीम के ट्रायल हेतु 15=15 खिलाडिय़ों को सीएससीएस के निर्देश पर आगे भेजा जाएगा। जिसकी जानकारी पृथक से दी जाएगी। सभी नये खिलाडिय़ों को अपना रजिस्ट्रेशन करवाने का निर्देश दिया गया है। बिना रजिस्टे्रशन के खिलाड़ी ट्रायल में शामिल नहीं हो सकेंगे। रजिस्टे्रशन के लिए ओरिजनल प्रमाण पत्र व डिजीटल जन्म प्रमाण पत्र, मेनूवल जन्म प्रमाण पत्र, जिला क्रिकेट संघ कार्यालय शाम 5:00 से 8:00 बजे तक आकर करवा लें। विस्तृत जानकारी जिला क्रिकेट संघ के कार्यालय से ली जा सकती है।
1996 से 2002 के ही खिलाड़ी होंगे शामिल
सचिव रामचंद्र शर्मा ने बताया कि अंडर 19 के ओवर एज खिलाड़ी ही इस ट्रायल में शामिल हो सकते हैं इसके लिए उम्र सीमा तय कर दी गई है। अतः इसमें 1 सितंबर 1996 से लेकर 31 अगस्त 2002 तक के जन्म लिए हुए खिलाड़ी ही शामिल हो सकते हैं। किसी प्रकार की गलतफहमी होने पर अंतिम निर्णय अध्यक्ष का मान्य होगा।
