लैलूंगा के मित्तल परिवार की दुकान में फिर चोरों का धावा,20 हजार नगदी व दो मोबाईल ले उड़े हथियारबंद चोर,मृतक मित्तल परिवार के भाई की है दुकान

by Kakajee News

रायगढ़। जिले के विकासखण्ड मुख्यालय लैलूंगा में पिछले दिनों व्यापारी दंपत्ति मित्तल परिवार की जघन्य हत्या के बाद इसी परिवार से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि बीती रात चोरों ने मृतक व्यवसायी के एक भाई के दुकान में धावा बोलकर हजारों रूपए की नगदी और मोबाईल पर हाथ साफ कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चोरी करने के दौरान उनकी हरकत सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। विशेष बात यह है कि यह दुकान लैलूंगा थाने से महज ढाई सौ मीटर की दूरी पर स्थित है और चोरी की इस वारदात से चोरों ने एक तरह से पुलिस को चुनौती दे डाली है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार लैलूंगा के प्रतिष्ठित मित्तल परिवार पर जैसे किसी की बुरी नजर लग गई है। या फिर साजिश के तहत इस परिवार को निशाना बनाया जा रहा है। पिछले दिनों मित्तल परिवार के ही व्यवसायी दंपत्ति की हत्या का मामला अभी पूरी तरह से सुलझ भी नही पाया है कि इसी परिवार से जुडा एक और मामला सामने आ गया है। बताया जा रहा है कि स्व. मदन मित्तल के भाई मोहन मित्तल की लैलूंगा.. रायगढ़ रोड़ में ही गल्ला किराना दुकान है। जो लैलूंगा थाने के पास ही स्थित है।

बीती रात इस दुकान में चोरों ने धावा बोलकर गल्ले में रखे 20 हजार की नगदी सहित दो मोबाईल पर हाथ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि गल्ला किराना की यह दुकान दो मंजिला इमारत है। जिसमें उपर और नीचे दो डिवीआर लगे हुए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक देर रात करीब डेढ़ बजे हथियारबंद चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर इस दुकान में प्रवेश किया।

वारदात के समय चोरों के हाथ में लोहे का राड मौजूद था। दुकान का शटर तोड़कर दुकान में घुसने के बाद इन चोरों ने करीब आधे घंटे तक पूरी तसल्ली से दुकान को खंगाला और व्यवसायी के द्वारा गल्ले में रखे नगदी सहित दराज में मौजूद दो मोबाईल को उठा लिया। इन शातिर चोरों ने चोरी करने से पहले नीचे के डिवीआर वाले तार को भी काट दिया था ताकि उनकी हरकत सीसीटीवी में कैद न हो सके। मगर चूंकि इस दुकान में उपर और नीचे दो सीसीटीवी लगे हुए थे। इसलिए उपर की सीसीटीवी चलती रही जिसके कारण चोरों की यह हरकत सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक अब पुलिस इसी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की शिनाख्त करने और उनकी पतासाजी में जुट गई है। चूंकि यह मामला लैलूंगा के प्रतिष्ठित व्यवसायी मित्तल परिवार से जुड़ा हुआ है और पिछले दिनों ही इसी परिवार के एक दंपत्ति की तब जघन्य हत्या हो चुकी है जब किसी तरह से चोर चोरी के ही इरादे से स्व. मदन मित्तल के घर में घुसे थे और चोरी के दौरान ही उन्होंने हत्या जैसी जघन्य घटना को अंजाम दे दिया।

ताजा चोरी की घटना में भी चोरों के पास लोहे के राड जैसा हथियार था और इस बात की संभावना से भी इंकार नही किया जा सकता कि यदि चोरी के दौरान दुकान में मित्तल परिवार का कोई मिल जाता तो उसके साथ भी वही घटना हो सकती थी। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में जहां चार नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया है और एक आरोपी फरार बताया जा रहा है वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर मृतक के परिजनों द्वारा असंतोष जाहिर करने के बाद इस मामले को लेकर एसआईटी का गठन करके नए सिरे से खोजबीन की जा रही है। तो दूसरी ओर बीती रात हुई इस घटना ने लोगों को यह सोंचने पर मजबूर कर दिया है कि कहीं किसी साजिश के तहत लैलूंगा के मित्तल परिवार को ही निशाना तो नही बनाया जा रहा है।

हमारे संवाददाता ने इस संबंध में जब थाना प्रभारी लैलूंगा रूपेन्द्र नारायण साय से चर्चा की तो उनका कहना था कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज का सहारा लिया जा रहा है जिसमें दो आरोपी दुकान में घुसते व निकलते देखे गए हैं। उन्होंने कहा कि चोर जल्द ही पुलिस गिरफ्त में होगें।

Related Posts

Leave a Comment