छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक डीएम अवस्थी को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की नाराजगी भारी पड़ गई। पुलिस विभाग की समीक्षा बैठक के तीसरे दिन ही अवस्थी को पद से हटा दिया गया है। वहीं 1989 बैच के आईपीएस अशोक जुनेजा को अब नए पुलिस महानिदेशक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जुनेजा अभी एंटी नक्सल ऑपरेशन के महानिदेशक, एसटीएफ और छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के प्रमुख हैं। गृह (पुलिस) विभाग से जारी आदेश के मुताबिक जुनेजा को अभी डीजीपी का चालू प्रभार सौंपा गया है। वहीं डीजीपी रहे 1986 बैच के आईपीएस डीएम अवस्थी को अब राज्य पुलिस अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
बता दें कि पिछले महीने आईजी-एसपी कांफ्रेंस में सीएम भूपेश बघेल ने गांजा व हुक्का के साथ अपराध पर अंकुश लगाने के सख्त निर्देश दिए थे। सीएम के निर्देश के बाद पुलिस एक-दो दिन सक्रिय भी हुई और फिर पूरा मामला ठंडा पड़ गया। मंगलवार को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुलिस विभाग के कामकाज की समीक्षा बैठक ली थी।
इस दौरान सीएम ने पुलिस विभाग के कामकाज, गांजा तस्करी व हुक्का बारों को लेकर काफी नाराजगी जताई थी। मुख्यमंत्री ने भरी बैठक में कह दिया कि मुझे अब आप लोगों से कोई अपेक्षा नहीं है। बार-बार कहने के बावजूद पुलिसिंग में कोई सुधार नहीं दिख रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा था कि सुधर जाइये नहीं तो मुझे सुधारना आता है।
मंगलवार की बैठक के बाद डीजीपी अवस्थी को हटाए जाने की चर्चा भी होने लगी थी। गुरुवार की देर शाम महानदी भवन मंत्रालय के गृह विभाग से डीजीपी बदले जाने का आदेश जारी हुआ। बता दें कि डीएम अवस्थी छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार की विदाई के साथ ही पुलिस महानिदेशक बनाए गए थे। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पद की शपथ लेकर सरकार बनाई और एएन उपाध्याय को पद से हटाकर अवस्थी को डीजीपी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
