रायगढ़। शहर के बोईरदार क्षेत्र में स्थित चाय दुकानों के आसपास पिछले कुछ समय से सट्टा खाईवाल अपना कारोबार बेखौफ चला रहे हैं। कई बार अखबारों में यह मामला छपने के बावजूद यहां किसी प्रकार की कोई कार्रवाई नही होना यहां किसी सेटिंग की ओर ईशारा करता है। जिले के संवेदनशील पुलिस कप्तान को इस दिशा में पहल करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को इस दिशा में तत्काल कार्रवाई के निर्देश जारी करना चाहिए।
यूं तो रायगढ़ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में सट्टा का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है। सट्टा के मकड़जाल में फंसकर शहरवासी अपनी खून पसीने की गाढ़ी कमाई पल भर में गंवा देते है या फिर भारी भरकम कर्ज तले दबकर इस दुनिया से ही रूखसत हो जाते हैं। शहर के बोईरदादर क्षेत्र में कई सट्टा खाईवाल के हौसले इतने बुलंद है कि उसके द्वारा खुलेआम चाय दुकान के आसपास महफिल सजाकर अपना कारोबार करते आ रहा है। स्थिति यह है कि इस क्षेत्र में आईटीआई के छात्र इसी मार्ग से आना जाना करते हैं, इस दौरान यहां महफिल में बैठे कुछ लोगों के द्वारा नशे के आगोश में आकर टीका टिप्पणी करने से भी नही चूकते।
चक्रधर नगर क्षेत्र के बड़े सट्टा खाईवालों में विवेक कुसमकर, रवि देवांगन बंगाली कालोनी तथा एक अन्य लक्की ठाकुर के द्वारा दिन व रात के समय बकायदा अपने अड्डो में इनकी अलग ही महफिल सजती है। इन सट्टा खाईवालों को पुलिस का जरा भी भय नही इनका कहना है कि पुलिस के पास हमारा कमीशन जाता है, पुलिस हमारा कुछ नही बिगाड़ सकती। शायद यही वजह है कि शहर के चक्रधर नगर क्षेत्र में ही सट्टा का कारोबार बाकी मोहल्लों से अत्याधिक चल रहा है। यही नही आसपास क्षेत्र में भी सट्टे व जुए का कारोबार फल फूल रहा है। नव पदस्थ थाना प्रभारी को समाज में फैल रहे इस कोढ पर कारगर अंकुश लगाने की पहल करनी चाहिए।
इस क्षेत्र के लोगों की शिकायत के बाद मीडिया ने इस मामले को प्रमुखता से उठाया भी था परंतु चक्रधर नगर पुलिस के द्वारा इन पर किसी प्रकार की कोई ठोस कार्रवाई नही की जाती जिससे लगातार सट्टा खाईवाल के हौसलें बुलंद होते जा रहे हैं। पुलिस कप्तान अभिषेक मीना को इस दिशा में गंभीरता से पहल करते हुए चक्रधर नगर पुलिस को यहां कार्रवाई करने के निर्देश जारी करने की जन अपेक्षा है।
जल्द होगी कार्रवाई-लखन पटले
हमारे संवाददाता ने इस संबंध में जब अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले से कार्रवाई के संबंध में चर्चा की तो उनका कहना था कि चिन्हांकित स्थल पर सट्टा खिलाने से संबंधित जानकारी उन्हें मीडिया के माध्यम से मिली है और इस मामले में उन्होंने संबंधित थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिये हैं।
