प्रदेश के आबकारी मंत्री कवासी लखमा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को छत्तीसगढ़ का भगवान बताया है । मंत्री कवासी लखमा ने दावा किया कि सीएम भूपेश बघेल के कोई पूर्वज आदिवासी रहे होंगे । जिसके बाद मामले को बीजेपी ने लपकते हुए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की वंशावली की जांच की भी मांग कर डाली |
दरअसल मंत्री कवासी लखमा ने कहा है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के लिए भगवान है । उन्होंने कहा कि वर्तमान में जो देवगुड़ी की पूजा कर रहे हैं, इसी से बस्तर में जमकर बारिश हो रही है । इसके साथ ही मंत्री कवासी लखमा ने बड़ा दावा किया कि उनके गणपति की पूजा करने से ही बीजेपी की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी हटी हैं ।
कवासी लखमा का कहना है कि यह ढोंग रचने वाले लोग हैं हम भगवान को मानने वाले लोग हैं । भगवान की असली पूजा करने से यही परिणाम मिला, राष्ट्रीय अध्यक्ष भी ज्यादा दिन तक नहीं रहने वाले है, हम वोट के लिए भगवान गणेश नहीं बिठाते । समाज के विकास के लिए गणेश बिठाते हैं । बीजेपी की तरह भगवान राम को वोट का एजेंडा नहीं बनाते हैं ।
इधर आबकारी मंत्री कवासी लखमा के बयान पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कोई कुत्सित मानसिकता से उनकी पूजा-अर्चना करता है तो इस पर मैं कुछ नहीं कह सकता | हम देश, प्रदेश, समाज और परिवार की समृद्धि के लिए गणेशजी को पूजते हैं ।
इसके साथ ही सीएम के पूर्वज आदिवासी होने के बायान पर नेता प्रतिपक्ष ने सीएम भूपेश बघेल की वंशावली की जांच की भी मांग कर डाली । उन्होंने कहा कि जांच के लिए रिसर्च टीम गठित करना चाहिए, क्योंकि मंत्री ने जो बयान दिया है, यह गंभीर मामला है। पहले भी कांग्रेस के एक मुख्यमंत्री की जाति को लेकर काफी विवाद हुआ है । इसका निराकरण कैसे हुआ यह सभी जानते हैं ।
