पत्नी के आरोप पर लोगों ने कर दी पति की पिटाई, दोस्त को पहनाया जूतों का हार, आरोप निकला झूठा

by Kakajee News

कांकेर। जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर में एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति के खिलाफ बेबुनियाद आरोप लगा दिया। जिसकी जांच किए बिना ही गांव में सामाजिक बैठक बुला ली गई और उसमें महिला के पति को जमकर पीट दिया गया। वहीं उसके दोस्त को जूतों की माला पहनाकर गांव भर के लोगों से माफी मंगवाई गई।


इस घटना से आहत होकर जब सख्श ने फांसी लगाने की कोशिश की तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस में इसकी शिकायत की गई है जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं घटना का वीडियो भी सामने आया है जो अब वायरल हो रहा है।

मामला कांकेर जिला के पखांजूर थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा हैं कि कमलपुर निवासी केनाराम मंडल की पत्नी की मौत के बाद उसने 8 महीने पहले एक अन्य महिला से शादी कर ली। केनाराम की 19 साल की बेटी है, जो मानसिक रूप से कमजोर है। बताया जा रहा है कि, दूसरी पत्नी प्रतिमा मंडल ने केनाराम पर उसकी बेटी के साथ अवैध संबंध होने का गंभीर आरोप लगाया। समाज में इसकी शिकायत की गयी थी। शिकायत पर समाज के लोगों ने 22 जनवरी को बैठक बुला ली। केनाराम गांव से 4 किलोमीटर दूर अपने एक साथी निर्मल के घर में बैठा था। समाज के लोग वहां जाकर दोनों को ले आए।
बैठक में केनाराम की समाज के लोगों ने पिटाई कर दी। साथ ही उसके साथी निर्मल को जूतों की माला पहनाकर समाज के लोगों से पैर पड़वाकर माफी मंगवाई गई। समाज के लोगों का कहना था कि निर्मल ने केनाराम को अपने घर में छिपाकर सरंक्षण दिया था। समाज के लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी। पूरे घटनाक्रम के बाद केनाराम ने अपनी बात रखी। तब जाकर समाज के लोगों ने जांच की। फिर पता चला कि पत्नी के आरोप झूठे हैं। इसके बाद समाज के लोगों ने केनाराम की पत्नी को माफी मांगने कहा गया और फिर पत्नी ने माफी मांग ली।


पीड़ित केनाराम का कहना था उसकी बेटी मानसिक रूप से कमजोर हैं और इस बेबूनियाद आरोप से बैठक में बेटी की बदनामी होती। इसी वजह से वह बैठक में नहीं आया था। केनाराम ने बताया कि उसकी दूसरी पत्नी अब उसके साथ नहीं रहना चाहती, इसलिए उसने ये सब झूठे आरोप लगाए हैं। वहीं केनाराम के साथी निर्मल ने बताया कि उसके घर जब भीड़ पहुंची। तब उसे पता भी नहीं था कि गांव में समाज की बैठक है। उन्हें जबरदस्ती घर से उठा ले जाया गया और बैठक में ये सब हो गया।

इस घटना से निर्मल भी काफी दुखी हो गया। बदनामी के चलते वह फांसी लगाने घर से निकल गया था। परिजनों ने उसे समझाया। जिसके बाद उसने 3 फरवरी को पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने इस मामले में प्रविण बनिक, सुमित बनिक, शांतनु हालदार, विश्व सरदार, कोटाई पाल और प्रदीप्त बनिक और शिलादित्य बनिक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी हैं।

Related Posts

Leave a Comment