गारे पेलमा कोल ब्लाक में पेड कटाई के विरोध में भारी आक्रोश, लैलूंगा विधायक सहित भाजपा नेता व पूर्व मंत्री सत्यानंद राठिया सहित कई हिरासत में, इलाका छावनी में बदला, भारी तनाव के चलते माहौल बिगड़ा

by Kakajee News

रायगढ़। रायगढ़ जिले के लैलूंगा विधानसभा में आने वाले तमनार ब्लाक के गारे पेलमा कोल ब्लाक में कोयला खनन के लिये की जा रही पेड कटाई को लेकर ग्रामीणों द्वारा किये जा रहे भारी विरोध को देखते हुए आज सुबह से ही बड़ी संख्या में पुलिस ने प्रदर्शन करने वाले लोगों को हटाने का प्रयास किया तब वहां पहुंची लैलूंगा विधानसभा की कांगे्रस विधायक विद्यावती सिदार पहुंची तो उन्हें भी हिरासत में लेकर आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया गया। इस दौरान क्षेत्र के भाजपा नेता व पूर्व मंत्री तथा पूर्व विधायक सत्यानंद राठिया भी अपने समर्थकों के साथ पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर दूसरी जगह भेज दिया। यहां यह बताना लाजमी होगा कि गारे पेलमा की डोलनारा गांव में अडानी इंटरप्राईजेस लिमिटेड द्वारा खसरा नंबर 150 में कोयला खनन किया जाना है और उस जगह दस हजार से भी अधिक अलग-अलग प्रजाति के पेड है जिनकी कटाई कंपनी द्वारा शुरू कर दी गई है।
एक जानकारी के अनुसार लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के तमनार ब्लाक स्थित डोलनारा इलाके से लगे एक दर्जन से भी अधिक गांव के लोग अडानी इंटरप्राईजेस लिमिटेड द्वारा हरे भरे पेडों की कटाई का विरोध शुरू कर दिया था और लगातार चल रहे प्रदर्शन के चलते इलाके में तनाव बढ़ते जा रहा था। ग्रामीणों का आरोप था कि हजारों पेड कटने से पर्यावरण को गंभीर खतरा पैदा हो जाएगा। साथ ही साथ कई गांव भी उजड जाएंगे। अडानी कंपनी द्वारा इलाके में बड़े पैमाने पर की जा रही कटाई के विरोध में प्रशासनिक अधिकारियों को भी गुहार लगाई गई थी लेकिन किसी के द्वारा उनकी बातें नही सुनने पर ग्रामीणों ने मोर्चा खोल हुआ था।
आज सुबह बड़ी संख्या में पुलिस बल ने ग्रामीणों को उस जगह से हटाने का प्रयास किया लेकिन क्षेत्र की विधायक अपने समर्थकों के साथ पहुंचकर आंदोलनकारियों के समर्थन में उतर गई और देखते ही देखते भारी नारेबाजी के बीच माहौल और बिगडता चला गया। इसी बीच पुलिस ने कांगे्रस की विधायक विद्यावती सिदार को हिरासत में लेकर दूसरी जगह भेज दिया और वहीं उनके समर्थकों को भी वहां से खदेड दिया। बताया जा रहा है कि आज सुबह से ही पुलिस व स्थानीय अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ-साथ पत्रकारों को भी अडानी के कोल ब्लाक स्थल जाने से रोका और वहां बेतहाशा हो चुकी पेड कटाई को भी छुपाने का भी प्रयास किया।
तमनार ब्लाक में इस भारी विरोध को देखते हुए पूर्व मंत्री व क्षेत्र के पूर्व विधायक तथा भाजपा नेता सत्यानंद राठिया भी दोपहर बाद पहुंचे थे, पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में लेकर दूसरी जगह भेज दिया। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस की इस कार्यप्रणाली का भारी विरोध करते हुए नारेबाजी भी की और पुलिस की गाडियों को रोककर अपना विरोध जताया। जानकार सूत्र बताते हैं कि सुबह से लेकर समाचार लिखे जाने तक पूरे इलाके में भारी संख्या में मौजूद पुलिस बल के कारण ग्रामीणों में आक्रोश फैलते जा रहा है और अडानी कंपनी के मिली छुट को लेकर साय सरकार को कोस रहे हैं।

Related Posts

Leave a Comment