महिला को प्रेमजाल में फंसाकर तीन साल के बच्चे के अपहरण की गुत्थी आखिरकार आठ दिन बाद पुलिस ने सुलझा दी। साइबर सैल की मदद से नितिश के लोकेश पता कर पुलिस बिहार के गांव कुस्माहा गई थी और वहां से अपहरणकर्ता नितिश से 3 साल के बच्चे प्रिंस को बरामद किया। शनिवार को अंबाला पहुंचने के बाद पुलिस ने प्रिंस को उसकी मां के सुपुर्द कर दिया। जबकि आरोपी नितिश को कोर्ट में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी।
पुलिस जांच में सामने आया कि नितिश शादीशाुदा था और अपनी ग्रृह दशा में सुधार के लिए तांत्रिक पर गया था और उसने दो बच्चों के सुच्चे बालों का मुंडन करवाने के लिए बोला था। तांत्रिक प्रक्रिया के चलते ही सुच्चे बालों वाले बच्चे की तलाश के लिए वह कटिहार स्टेशन पर खड़ा था, जहां उसने लंबे बालों वाले प्रिंस को देखा।
पहले तो मां को झांसे में लेकर प्रेम के सपने दिखाए। विश्वास जमाने के लिए वह कटिहार से अंबाला आ रहे परिवार के संग आ गया। मौके मिलते ही वह प्रिंस को लेकर बिहार के गांव कुस्माहा अपने ससुराल चला गया था। अभी वह मुंडन की तैयारी ही कर रहे थे कि साइबर सैल की मदद से महेश नगर थाने से एएसआई सतीश व हेड कांस्टेबल दलेल सिंह नितिश के ठिकाने यानी ससुराल पहुंच गए और इलाका पुलिस की मदद से नितिश व प्रिंस को बरामद किया।
महेश नगर पुलिस को 19 मई को दी शिकायत में बिहार के गांव कंकला निवासी काजल ने बताया कि पति के साथ उसकी अनबन चल रही थी। वह अंबाला में टांगरी बांध के पास किराए पर रहती है। 10 मई को वह अपने 3 साल के मासूम बच्चे के साथ कटिहार रेलवे स्टेशन गई थी। यहां उसकी जान पहचान नितीश नाम के युवक से हुई थी।एक साथ ट्रेन में आए, युवक पर विश्वास कर घर ले आई। महिला ने बताया कि उसने युवक से अपनी आपबीती बताई तो युवक ने उसका व उसके बच्चे का ख्याल रखने का सपना दिखाया। युवक ने कहा था कि वह उसके साथ रहेगा।
महिला ने बताया था कि 18 मई को सुबह 7 बजे ट्रेन पर बैठकर अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर उतरे। वह नीतीश पर विश्वास करके अपने साथ घर ले आई। यहां नीतीश एक रात रुका। अगले दिन सुबह 11 बजे वह नहाने चली गई और उसका बेटा प्रिंस कमरे में खेल रहा था। जब वह वापस लौटकर आई तो देखा कि प्रिंस घर नहीं था। आरोपी नीतीश भी गायब मिला। पुलिस ने आरोपी नीतीश के खिलाफ धारा 365 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। रेलवे स्टेशन पर महेश नगर पुलिस को आरोपी की बच्चे को गोद में लिए हुए कि फुटेज भी जारी हुई थी।
जांच अधिकारी के अनुसार
एसपी जश्नदीप रंधावा के मार्गदर्शन में टीम को बिहार रवाना किया था। साइबर सैल की मदद से ही नितिश तक पहुंचे और 8वें दिन प्रिंस को बरामद कर मां के सुपुर्द कर दिया। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। -रामपाल, इंस्पेक्टर, प्रभारी, महेश नगर थाना।
