रेवाड़ी के जैसलमेर नेशनल हाईवे पर भालखी माजरा के निकट शनिवार तड़के दो ट्रालों के बीच हुई आमने-सामने की भिड़ंत में एक ट्रॉला चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे ट्राले में आग लगने से क्लीनर जिंदा जल गया। फायर ब्रिगेड ने मौके पर जाकर आग पर पाबू पाया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू की।
यूपी के भट्टपुरा चक्रवान निवासी ट्राला चालक 35 वर्षीय बिरेंद्र अपने क्लीनर यूपी के ही नया गांव निवासी भगवानसिंह के साथ नारनौल की ओर ट्राला लेकर जा रहा था। नारनौल की ओर से महेंद्रगढ़ जिला निवासी अनिल ट्रॉले में क्रेशर भरकर रेवाड़ी की ओर आ रहा था। उसके ट्राले में महेंद्रगढ़ के जाखणी निवासी 20 वर्षीय दीपक सोया हुआ था। यह ट्राला अंसतुलित होकर डिवाइडर कूदने के बाद पहले बिरेंद्र के ट्राले से टकराया। इसके बाद पलटले से ट्राले में आग लग गई।
बिरेंद्र ट्राले से कूद गया, परंतु अंदर सोया हुआ दीपक आग से जिंदा जल गया। आवाज सुनकर ग्रामीण वहां पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद कुंड पुलिस चौकी के कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी गई। फायर ब्रिगेड ने आग पर पाबू पाया। दीपक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बिरेंद्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल पहुंचा दिया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
रेवाड़ी के बस स्टैंड के सामने ट्रैक्टर चालक के साथ साइड देने को लेकर हुए विवाद के बाद लगभग आधा दर्जन युवकों ने प्राइवेट बस के चालक और परिचालकों पर चाकू से हमला कर दिया। तीन लोग इस हमले में घायल हो गए। पुलिस ने दो आरोपियों को घटना के कुछ देर बाद ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार करावरा मानकपुर निवासी मनीष ने बताया कि वह उदयवीर की बस पर परिचालक है। अंबेडकर चौक पर एक ट्रैक्टर चालक को साइड नहीं देने पर उसका विवाद हो गया था। इसके बाद वह बस स्टैंड पर आ गया। कुछ देर बाद वह बालकिशन, परिचालक दिनेश, धर्मेंद्र व एक हेल्पर के साथ होटल पर खाना खाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान किशनगढ़ बालावास निवासी प्रियांशु ने उसके साथ झगड़ा करना शुरू कर दिया। उसने देहलावास निवासी धीरज व कई अन्य युवकों को वहां बुला लिया। इन लोगों ने उन पर चाकुओं से हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंची मॉडल टाउन पुलिस ने तीन घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू करते हुए धीरज और प्रवीण उर्फ प्रियांशु को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं के तहत उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। एसएचओ संजय कुमार के अनुसार अन्य आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
