रायगढ़। बीते तीन दिनों से रूक -रूककर हो रही बारिश की वजह से शहर का जन जीवन काफी प्रभावित हुआ है। शहर के निचले मोहल्ले सहित कई कालोनियों में जल भराव की स्थिति निर्मित हो चुकी है वहीं बीती रात रेलवे स्टेशन के पास दो भारी भरकम पेड़ गिरने की स्थिति में बडी घटना होनें से बच गई।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह से हो रही बारी बारिश की वजह से रेलवे क्वाटर के पास दो बड़े पेड गिर जाने की घटना सामने आई है। इस तेज बारिश की वजह से रेलवे क्वाटर की बाउंड्री भी गिरी है। रेलवे स्टेशन मार्ग में 24 घंटे लोगों की आवाजाही लगा रहता है इस स्थिति में अचानक पेड़ गिरने की घटना से यहां बड़ी दुर्घटना होते-होते टल गई।
बताया जा रहा है कि सड़क के बीच में पेड गिर जाने की वजह से इस मार्ग पर आवाजाही बंद हो गई थी और इसी वजह से कई लोगों की ट्रेन भी छूटी। मंगलवार की सुबह नगर निगम की टीम मौके पर पहुंचकर सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने की कवायद में जुटी हुई है।
