फैक्टरी में बॉयलर फटने से तेज धमाका, दो मजदूरों की मौत

by Kakajee News

फैक्टरी में बॉयलर फटने से तेज धमाका हुआ। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबिक एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। वहीं, सीएम योगी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है।
मुजफ्फरनगर में थाना नई मंडी क्षेत्र में मखियाली के पास केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को हायर सेंटर के लिए रेफर किया गया है।
बताया गया कि मखियाली स्थित बजरंग ऐलम फैक्टरी में हादसा हुआ है। केमिकल बनाने के दौरान तेज धमाके के साथ बॉयलर फट गया। हादसे में मजदूर भोपा थाना क्षेत्र के कसौली गांव निवासी अली नवाज (42) पुत्र सैदा हसन और संभल जिले के चंदौसी निवासी रामभोरन (55) की मौत हो गई। हादसे में कसौली का ही जयपाल (60) पुत्र प्रभु गंभीर रूप से घायल हो गया है।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। यहां से उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि केमिकल की चपेट में आकर जयपाल झुलस गया है, उसकी हालत गंभीर है। एसडीएम सदर परमानंद झा और सीओ नई मंडी हिमांशु गौरव मौके पर पहुंचे और मामले की जांच की।
मुजफ्फरनगर की इस घटना पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे पर दुख जताया है। साथ ही जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर राहत कार्य संचालित करने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।

Related Posts